कांग्रेस नेताओं पर केंद्र से भेजा राशन दुकानाें पर बेचने का लगाया आरोप

जीरकपुर में मंगलवार को आयोजित रैली को संबोधित करते शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल। -निस

जीरकपुर, 7 जुलाई (निस)
लगातार बढ़ रही पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों के विरोध में मंगलवार को शिरोमणि अकाली दल के व्यापार विंग के प्रधान और हलका डेराबस्सी के विधायक एनके शर्मा के नेतृत्व में केंद्र और पंजाब सरकार के ख़िलाफ़ हल्ला बोला गया और तेल पर वैट कम करने की मांग की गई। इस मौके पर पार्टी प्रधान सुखबीर बादल ने विशेष तौर पर शिरकत की। इस मौके पर अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने केंद्र और पंजाब सरकार के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाज़ी की।
इस मौके पर सुखबीर सिंह बादल ने कैप्टन सरकार को घेरते हुए कहा कि कोरोना काल के दौरान लोगों को राहत देने के लिए केंद्र की तरफ से भेजे गए 70 हज़ार मीट्रिक टन राशन को कांग्रेस नेताओं ने दुकानों पर बेच दिया। उन्होंने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार डीज़ल पर 10 रुपए वैट घटाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक शराब को डकार रहे हैं और रेत को खा रहे हैं। विधायक एनके शर्मा ने कोरोना महामारी के दौरान राशन वितरण घोटाले की जांच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि डीज़ल और पेट्रोल पर सरकार टैक्सों की भरमार कर रही है, जिसके कारण महंगाई के चलते आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में बिजली सबसे महंगी है और बिजली की कीमतों को कम किया जाए।

तेल की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन
राजपुरा (निस) : शिरोमणि अकाली दल की कोर कमेटी के सदस्य और पूर्व सांसद प्रोफेसर प्रेम सिंह चंदूमाजरा और जत्थेदार सुरजीत सिंह गढ़ी के नेतृत्व में तेल की कीमतों में वृद्धि, राशन वितरण प्रणाली के राजनीतिकरण और नीले कार्डों को काटने के चलते पंजाब व केंद्र सरकार के विरुद्ध रोष प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर जत्थेदार सुरजीत सिंह गढ़ी, अकाली दल शहरी प्रधान रणजीत सिंह राणा, जसविन्द्र सिंह शामदूआदि के अलावा कई अन्य अकाली नेता मौजूद रहे।

यूथ अकाली दल वर्करों ने की नारेबाजी
मोहाली ( निस) : पंजाब में राशन, बीज और शराब घोटालों को सामने लाने के मकसद से आज मोहाली के गांव सोहाना में यूथ अकाली दल के जिला मोहाली शहरी अध्यक्ष परविन्दर सिंह सोहाना की अगुआई में वर्करों द्वारा जबरदस्त रोष प्रदर्शन किया गया। पंजाब स्टेट महिला कमीशन की पूर्व चेयरपर्सन तथा एसजीपीसी मैंबर बीबी परमजीत कौर लांडरां भी विशेष तौर पर उपस्थित हुई।

The post डीजल पर वैट कम करे पंजाब सरकार : सुखबीर बादल appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2BQVXTJ
via Latest News in Hindi

0 Comments