ट्रिब्यून न्यूज सर्विस
चंडीगढ़, 7 जून
मानेसर (गुरुग्राम) भूमि घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंचकूला स्थित विशेष सीबीआई कोर्ट में सप्लीमेंटरी चार्जशीट दाखिल की है। लगभग 1700 करोड़ रुपये के इस भूमि घोटाले में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित 34 लोगों पर केस चल रहा है। अब सप्लीमेंटरी चार्जशीट में ईडी ने गुरुग्राम के नये बिल्डरों सहित कई को नामजद पार्टी बनाया है।
यह पूरा मामला भूमि अधिग्रहण से जुड़ा हुआ है। चार्जशीट में कहा गया है कि हरियाणा सरकार ने 2004 में एक नोटिफिकेशन निकाला, जिसके जरिये मानेसर में 912 एकड़ भूमि पर इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप बनाने का फैसला लिया गया। भूमि अधिग्रहण के लिए मानेसर, नौरंगरपुर और लखनौला आदि गांव के किसानों को नोटिस जारी हुए। इसी दौरान बिल्डरों ने किसानों को अधिग्रहण का डर दिखाकर जमीन सस्ते दाम पर खरीद ली। बाद में सरकार ने अधिग्रहण का नोटिफिकेशन वापस ले लिया। आरोप है कि इससे जमीन मालिकों को करीब 1500 करोड़ का नुकसान हुआ, जबकि बिल्डरों को इतनी ही राशि का फायदा पहुंचा। जांच में पता चला कि किसानों से सबसे ज्यादा जमीन एबीडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के मालिक अतुल बंसल ने खरीदी थी और बाद में दूसरे बिल्डरों को महंगे दामों पर बेच दी थी। मामले की सीबीआई जांच भी चल रही है। ईडी 108 करोड़ 79 लाख रुपये की संपत्ति अटैच कर चुकी है।
अब इनके नाम
सप्लीमेंटरी चार्जशीट में एबीडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, इस कंपनी के मालिक अतुल बंसल, उनकी पत्नी सोना बंसल, महामाया एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड, शशिकांत चौरसिया, दिलीप ललवानी, वीरेंद्र उप्पल, विजय उप्पल, रविंद्र तनेजा, टीडीआई इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, विजडम रियलटर्स प्राइवेट लिमिटेड और एबी रेफकांस इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड का नाम है।

The post कई नये बिल्डर ईडी के राडार पर appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/30pjvcl
via Latest News in Hindi

0 Comments