केंद्रीय टीम ने किया ट्विन सिटी का दौरा, जाना कोरोना पीड़ितों का हाल
अंबाला, 21 अप्रैल (निस)
अंबाला छावनी व सिटी में मंगलवार को विशेष केंद्रीय स्वास्थ्य टीम के सदस्य कोरोना सम्बंधी क्षेत्रों की जानकारी लेते हुए ।- प्रदीप मैनी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम ने आज अंबाला छावनी व शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण करते हुए समीक्षा की। इस दौरान अंबाला के सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप भी टीम के साथ रहे। डॉक्टर कुलदीप ने बताया कि 3 सदस्य टीम प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर केंद्र सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इस टीम में डिप्टी डायरेक्टर स्वास्थ्य विभाग भारत सरकार के साथ कई अधिकारी भी मौजूद हैं। इन दिनों देशभर में लॉकडाउन चल रहा है।
देश में कोरोना के संकट को देखते हुए इस टीम द्वारा यह निरीक्षण किए जा रहे हैं। टीम के सदस्यों द्वारा कोरोना रोकथाम की समीक्षा करते हुए यह भी देखा कि आज अंबाला शहर व छावनी के अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना की रोकथाम को लेकर किस प्रकार के प्रबंध किए गए हैं और कोरोना पॉजिटिव रोगियों को किस प्रकार रखा जा रहा है। उनको दवाइयां आदि देने का क्या शैडयूल है। केंद्रीय टीम ने यह भी देखा कि यहां पर क्वारंटाइन किस तरह से किया जा रहा है तथा लॉकडाउन की कितनी पालना हो रही है। यह टीम जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन की भूमिका भी देख रही है। उम्मीद है कि जल्द ही यह टीम केंद्र सरकार को इस संबंध में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
38 सैंपल नेगेटिव,पॉजिटिव जमाती की आज छुट्टी संभव
अंबाला शहर (हप्र) : स्वास्थ्य विभाग की ओर से आज एक राहत भरी खबर सामने आई है जिसमें बताया गया कि शहजादपुर से कल भेजे गए 38 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आयी है। इनमें वे भी शामिल हैं जो पहले पॉजिटिव आये थे। पीजीआई में उपचाराधीन अंबाला के एकमात्र पाॅजिटिव तलबीगी के भी बुधवार शाम तक छुट्टी होने की संभावना है। सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि शहजादपुर में कन्टेनमेंट जोन बना दिया गया है तथा सर्विलांस गतिविधियां चालू करवा दी गई हैं। यहां आज 5 टीमों ने कुल 375 घरों को विजिट किया और 1975 लोगों को स्क्रीनिंग किया गया। इनमें से किसी भी व्यक्ति को कोई भी कोविड जैसे लक्षण नहीं मिले।
The post केंद्रीय टीम ने किया ट्विन सिटी का दौरा, जाना कोरोना पीड़ितों का हाल appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3brSPdn
via Latest News in Hindi
0 Comments