एनसीआर में कोरोना बेकाबू
गुरुग्राम/फरीदाबाद, 7 जून (हप्र/ एजेंसी)
दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में कोरोना के मामलों का तेजी से बढ़ना कम नहीं हो रहा है। पूरे एनसीआर में कोरोना बेकाबू हो रहा है। साइबर सिटी गुरुग्राम में 24 घंटे में जहां 230 मामले सामने आये, वहीं औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में एक दिन का यह आंकड़ा 106 पहुंच गया। उधर, दिल्ली में हालात पहले से गंभीर हैं, उत्तर प्रदेश के शहरों गाजियाबाद, नाेएडा में भी कोरोना के कई केस बढ़ रहे हैं।
गुरुग्राम के लिए रविवार का दिन कोरोना संक्रमण के विस्तार का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा लेकर आया। यहां 230 नये मामलों के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने 4 लोगों की मौत की पुष्टि की है। राहत की बात यह है कि संक्रमण मुक्त होकर घर लौटने वालों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। उधर, फरीदाबाद के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार रविवार को शहर के कई नये क्षेत्रों से भी कोरोना के मामले आए हैं। इनमें एनआइटी तीन पुलिस चौकी के दो जवान व सेक्टर-28 स्थित एक परिवार के दो सदस्यों में कोरोना का संक्रमण पाया गया है। इस बीच, पूरे हरियाणा में एक दिन में 527 नये पॉजिटिव मरीज सामने आये, जबकि 6 की जान चली गयी।
वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में लगातार तीसरे दिन कोरोना के करीब 10 हजार नये मामले सामने आये हैं। शनिवार से रविवार सुबह तक 24 घंटों में 9971 नये मरीजों के साथ कोरोना पीड़ितों का आंकड़ा 2,46,628 तक पहुंच गया। इस दौरान 287 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि 5220 मरीज ठीक हुए हैं। इनके साथ मृतक संख्या बढ़कर 6,929 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अब भी 1,20,406 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। कुल 1,19,292 लोग (48.36 फीसदी) स्वस्थ हो गए हैं।
भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद (आईसीएमआर) ने संक्रमितों का पता लगाने के लिए जांच क्षमता में और वृद्धि की है। अब 531 सरकारी प्रयोगशालाओं और 228 निजी प्रयोगशालाओं में कोरोना जांच की सुविधा मुहैया कराई गई है। इस प्रकार देश में कुल 759 प्रयोगशालाओं में जांच की जा रही है। मंत्रालय के मुताबिक गत 24 घंटे में 1,42,069 नमूनों की जांच की गई है। इसके साथ ही अब तक देश में 46,66,386 नमूनों की जांच की जा चुकी है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक भारत में प्रति एक लाख आबादी पर कोरोना से मौतों का अौसत 0.49 है, जबकि वैश्विक औसत 5.17 है। भारत में प्रति एक लाख आबादी पर कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 17.32 है, जबकि वैश्विक औसत 87.74 है।
The post एनसीआर में कोरोना बेकाबू appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3cH2nkA
via Latest News in Hindi
0 Comments