आज खुलेंगे द्वार धार्मिक स्थल, मॉल, होटल, रेस्तरां तैयार
दूरी जरूरी, नहीं मिलेगा प्रसाद
नयी दिल्ली (एजेंसी) : कोरोना और लॉकडाउन के कारण करीब ढाई महीने से बंद धार्मिक स्थल, शॉपिंग मॉल, होटल और रेस्तरां सोमवार से खुलने जा रहे हैं। केंद्र ने ‘अनलॉक-1’ के तहत जारी दिशा-निर्देशों में कहा था कि कंटेनमेट क्षेत्रों को छोड़कर अन्य जगह 8 जून से इन्हें खोला जा सकेगा। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन्हें लेकर मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी जारी की है। इसके तहत लोगों के बीच 6 फुट की दूरी सुनिश्चित करनी होगी, हाथ सेनेटाइज करने, थर्मल स्क्रीनिंग जैसे इंतजाम और मास्क अनिवार्य होगा। धर्म स्थलों पर प्रसाद नहीं बंटेगा, माथा टेकते वक्त प्रतिमाओं को छूने पर रोक है, बैठने के लिए श्रद्धालुओं को अपना कपड़ा लाना होगा। मॉल से धार्मिक स्थलों तक कोरोना से बचाव कई इंतजाम किए गये हैं।
अपने कपड़े से ढकना होगा सिर
दिल्ली स्थित छतरपुर मंदिर में संक्रमणमुक्ति सुरंग बनाई गयी है। मंदिर परिसर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी किशोर चावला ने कहा कि हम हर घंटे रेलिंग जैसी चीजों की संक्रमणमुक्ति सुनिश्चित कर रहे हैं, जिन्हें लोग अकसर छूते हैं। हम श्रद्धालुओं के हाथ धोने के लिए सेनेटाइजर और अन्य वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर रहे हैं। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि लोगों को सिर ढकने के लिए कपड़ा नहीं दिया जाएगा, उन्हें अपना खुद का कपड़ा सिर पर रखना होगा। गुरुद्वारे में जूते-चप्पल संभालने का काम नहीं होगा और पैरों को साफ करने के लिए संक्रमणमुक्त पानी का इस्तेमाल किया जाएगा। सिरसा ने कहा कि श्रद्धालुओं को गुरुद्वारों में बैठने की अनुमति नहीं होगी।
संरक्षित स्मारक भी खुलेंगे
संस्कृति मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा है कि उनके मंत्रालय ने 8 जून से, भारतीय पुरातात्विक सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित स्मारक फिर से खोलने को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि स्मारक के अधिकारी कोरोना वायरस से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे। एएसआई द्वारा संरक्षित 3,691 स्मारक और स्थल 17 मार्च से बंद हैं। सूत्रों ने कहा कि इन स्थलों पर आगंतुकों के लिये ई-टिकट और मास्क पहनना अनिवार्य किया जा सकता है। वहीं, दिल्ली में कुछ मॉल में संक्रमण रोकने के लिए यूवी चैंबर बनाए गये हैं, जिसमें लोग अपने सामान को सेनेटाइज कर सकेंगे। द्वारका में वेगास मॉल के निदेशक हर्षवर्धन बंसल ने कहा कि दुकानों, रेस्तरां और कार्यालयों से दरवाजे खुले रखने को कहा गया है, क्योंकि दरवाजों के हैंडल से संक्रमण फैल सकता है।
The post आज खुलेंगे द्वार धार्मिक स्थल, मॉल, होटल, रेस्तरां तैयार appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2XHUNlF
via Latest News in Hindi

0 Comments