पंचकूला, 21 अप्रैल (ट्रिन्यू)

पंचकूला के गांव बडोना खुर्द में मंगलवार को थाली बजाकर रोष  जाहिर करती महिलाएं। -ट्रिन्यू

जिले में मंगलवार को मजदूरों, गरीबों व सरकारी विभाग के कच्चे कर्मचारियों ने राशन व आर्थिक मदद की मांग के लिए खाली बर्तन बजाकर गुस्से का इजहार किया। मजदूर संगठन सीआईटीयू के देशव्यापी आह्वान पर हुए इस प्रदर्शन में भट्ठा मजदूरों, निर्माण श्रमिकों, फैक्टरी मजदूरों, ग्रामीण सफाई कर्मचारियों, आशाओं, आंगनवाड़ी, मिड डे मील कर्मियों, रेहड़ी-पटरी मजदूरों, ग्रामीण चैकीदारों, नरेगा मजदूरों, वन मजदूरों, असंगठित क्षेत्र के मजदूरों, खेतिहर मजदूरों, गरीब किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जनवादी महिला समिति, खेत मजदूर यूनियन, किसान सभा, नौजवान सभा जैसे संगठनों ने भी सक्रियता से भाग लिया।
सीटू जिला अध्यक्ष रमा, सचिव लच्छीराम ने कहा कि लाॅकडाउन को महीना भर होने को है। मजदूरों की बड़ी आबादी के घर का राशन खत्म होने को आया है परन्तु अभी तक सरकार की ओर से मदद के प्रयास बेहद नाकाफी है। प्रवासी मजदूरों, भट्ठा मजदूरों, अपंजीकृत निमार्ण मजदूरों, रेहड़ी-पटरी मजदूरों, असंगठित क्षेत्र के मजदूरों व घरेलू महिला मजदूरों की हालत दयनीय है।
फैक्टरियों में काम करने वाले मजदूरों की हालात भी खराब है। अब केवल भाषण से काम चलने वाला नहीं है। राशन व आर्थिक मदद मिलनी चाहिये। आज जरूरतमंद मजदूरों व गरीब लोगों ने घरों की छतों, बालकनियों, कार्यस्थलों, जहां भी ठहरे हुए हैं वहां उचित दूरी रखते हुए, लाॅकडाउन का पालन करते हुए इस आयोजन को सफल बनाया है। सीटू नेताओं ने मांग की कि सभी मजदूर व जरूरतमंद परिवारों को 3 महीने का सूखा राशन फ्री में दिया जाए व घर तक पहुंचाया जाए। हर मजदूर व जरूरतमंद परिवार को जो टैक्सदाता नहीं हैं, को 7500 रुपये नगद भुगतान किया जाए।

The post राशन और आर्थिक मदद के लिए बजायी थाली appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3at6yiW
via Latest News in Hindi

0 Comments