नयी दिल्ली में शनिवार को केंद्रीय मंत्री समूह बैठक की अध्यक्षता करते रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह। – प्रेट्र

नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (एजेंसी)
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को मंत्रियों के समूह (जीओएम) की बैठक में कोरोना को लेकर स्थिति की समीक्षा की गयी। बैठक के बाद रक्षा मंत्री ने ट्वीट कर बताया कि हमने लोगों को पेश आ रहीं परेशानियां दूर करने के उपायों और उन्हें राहत देने के संबंध में मंत्रालयों की भूमिका पर चर्चा की। सूत्रों ने बताया कि जीओएम ने 20 अप्रैल के बाद आंशिक आर्थिक गतिविधियां चलाने की अनुमति देने को लेकर मंत्रालयों की पहल की भी समीक्षा की।
उल्लेखनीय है कि कई विपक्षी दलों ने भी सरकार से मांग की है कि वह लॉकडाउन के कारण नौकरियों के संभावित नुकसान और आर्थिक गतिविधियों में व्यवधान को देखते हुए गरीब लोगों के लिए कल्याणकारी कदमों की घोषणा करे। बहरहाल, राजनाथ सिंह ने कहा कि सीमित गतिविधियां शुरू करने के दिशा-निर्देश और आरबीआई की घोषणाएं सराहनीय पहल हैं। सूत्रों ने बताया, ‘जीओएम ने पूरी स्थिति पर विभिन्न मंत्रालयों से विचार प्राप्त किये। राजनाथ सिंह के नेतृत्व वाले जीओएम की यह पांचवीं बैठक थी।
घरेलू उड़ानें 4 मई से शुरू करेगी एअर इंडिया
एअर इंडिया ने 4 मई से चुनींदा घरेलू मार्गों पर बुकिंग शुरू करने की घोषणा की है। कंपनी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें एक जून से उपलब्ध होंगी।
कल से लगेगा टोल, ट्रक ऑपरेटर नाराज
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) 20 अप्रैल से राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल टैक्स की वसूली शुरू कर देगा। कोरोना के चलते 26 दिन की छूट के बाद टोल टैक्स वसूली फिर शुरू करने का यह निर्णय ट्रकों की आवाजाही की छूट देने के केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्णय के मद्देनजर लिया गया है। वहीं, ट्रक परिवहन से जुड़े लोगों ने अभी मुश्किल समय का हवाला देते हुए इसका विरोध किया है।

The post लॉकडाउन से उबरने की कवायद appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2VInEUH
via Latest News in Hindi

0 Comments