भारतीय ध्वज से जगमगाया स्विट्जरलैंड का मैटरहॉर्न
जिनेवा, 18 अप्रैल (एजेंसी)
कोरोना की पहाड़ सी चुनौती का सामना कर रही दुनिया को एक देश पर्वत के जरिये उम्मीद और प्यार का संदेश दे रहा है। यह देश है स्विट्जरलैंड और पर्वत है स्विज आल्प्स का मैटरहॉर्न। स्विट्जरलैंड और इटली के बीच स्थित इस 4478 मीटर ऊंचे पर्वत पर लाइट आर्टिस्ट (रोशनी के कलाकार) गैरी हॉफस्टेटर विभिन्न देशों के झंडे रोशनी के जरिये उकेर कर उन्हें उम्मीद बनाए रखने का संदेश दे रहे हैं। कोरोना के खिलाफ जंग में भारत के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करते हुए इस पर्वत पर भारतीय ध्वज भी उकेरा गया। पर्यटन संगठन जेरमैट मैटरहॉर्न ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, ‘बड़ी आबादी वाला देश भारत कोरोना वायरस संकट से जूझ रहा है। इतने बड़े देश में बहुत सारी चुनौतियां हैं। मैटरहॉर्न पर भारतीय ध्वज सभी भारतीयों को उम्मीद और हिम्मत का संदेश देने तथा उनके प्रति एकजुटता दिखाने के लिए है।’
स्विट्जरलैंड में भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, ‘कोरोना के खिलाफ लड़ाई में एकजुटता दिखाने के लिए 1000 मीटर से भी बड़े आकार का भारतीय तिरंगा मैटरहॉर्न पर्वत पर उकेरा गया। इस कदम के लिए जेरमैट टूरिज्म आपका शुक्रिया।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ट्वीट को साझा करते हुए लिखा, ‘पूरी दुनिया साथ मिल कर कोरोना से लड़ रही है। यकीनन मानवता इस महामारी से जीतेगी।’
The post भारतीय ध्वज से जगमगाया स्विट्जरलैंड का मैटरहॉर्न appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2xuxYYp
via Latest News in Hindi
0 Comments