नमी के नाम पर काटे जा रहे किसानों के पैसे : हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरसों खरीद को लेकर कहा कि सरकार ने वादा किया था कि वह किसान की फसल का दाना-दाना खरीदेगी। लेकिन प्रदेशभर में स्थिति यह है कि मंडियों में सरसों की खरीद सही तरीके से नहीं हो रही। मंडी में अपनी सरसों लेकर पहुंचे किसानों से नमी के नाम पर पैसे काटे जा रहे हैं। उन्हें फसल का पूरा रेट नहीं दिया जा रहा।
शनिवार को चंडीगढ़ से जारी बयान में हुड्डा ने कहा कि खरीद प्रक्रिया इतनी जटिल है कि किसानों के पल्ले ही नहीं पड़ रही। फसल की खरीद एक बार करने की बजाय, किसानों को बार-बार मंडियों में बुलाया जा रहा है। इससे किसानों का ट्रांसपोर्ट खर्च भी बढ़ता है और वक़्त की बर्बादी भी होती है। वहीं लॉकडाउन के नियमों और सोशल डिस्टेंसिंग की पालना भी नहीं हो पाती।
हुड्डा ने कहा कि तीन दिन में सरकार ने अनुमानित उत्पादन का लगभग 5 प्रतिशत सरसों ही खरीदी है। किसान को डर है कि कहीं उनकी फसल बिकने से पहले ही 20 तारीख को मंडी में सरसों की खरीद बंद न हो जाए। फिलहाल जो व्यवस्था है, उसके हिसाब से पूरी फसल की खरीद होनी मुश्किल लगती है। चूंकि टोकन के लिए ही किसान को घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। किसानों को एक दिन पहले मैसेज आता है कि कल अपनी सरसों मंडी में लेकर आएं।
आढ़तियों के साथ बनाएं व्यवस्था
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से आग्रह किया है कि फसल खरीद की व्यवस्था को सुधारने के लिए जरूरी है कि सरकार आढ़तियों के साथ समन्वय बनाए। उनको हैंडलिंग एजेंट बनाया जाए। सरकार अपने वादे के मुताबिक किसान का दाना-दाना खरीदे। इसके लिए खरीद की तारीख को और बढ़ाया जाए। नमी के नाम पर किसान को परेशान करना बंद हो। बार-बार मंडी में बुलाने की बजाय एक बार में ही उसकी पूरी फसल खरीदी जाए। जो किसान पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं करवा सके, उनके रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी मौके पर पूरी की जाए। हुड्डा ने कहा कि इन सुझावों को सिर्फ सरसों की खरीद ही नहीं अपितु गेहूं खरीद के लिए भी अपनाया जाए।
The post नमी के नाम पर काटे जा रहे किसानों के पैसे : हुड्डा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3cwXuuC
via Latest News in Hindi

0 Comments