मंदिर में रुका फ्रांसीसी परिवार सीख रहा है मंत्रोच्चार
महाराजगंज, 27 अप्रैल (एजेंसी)
मुसीबत सबके लिए आई है, लेकिन किसी ने इस दौरान भी जीने का एक अलग अंदाज निकाल लिया। ऐसी एक कहानी है फ्रांसीसी परिवार की। असल में फ्रांस का यह परिवार चार पहिया वाहन पर बहुराष्ट्रीय यात्रा पर निकला लेकिन कोरोना वायरस संक्रमण के चलते लॉकडाउन घोषित होने से भारत में ही फंस गया। अधिकारियों ने बताया कि पैलारेज पैट्रिस फ्रांस के तोउलूसे शहर के नागरिक हैं और उनके साथ उनकी पत्नी वर्जिनी, बेटियां ओफेली और लोला तथा बेटा टॉम है।
यात्रा के दौरान जब वे नेपाल में प्रवेश करने वाले थे तभी लॉकडाउन के कारण सीमाएं सील हो गयीं। यह परिवार 21 मार्च से महाराजगंज जिले के सिंघोरवा गांव में शिव रामजानकी मंदिर के पास ठहरा है। पूरा परिवार नियमित रूप से पूजा पाठ करता है। सनातन धर्म के बारे में सीख रहा है और इस धर्म का भविष्य में पालन करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त कर रहा है। मंदिर के पुजारी उदयराज बताते हैं कि परिवार हाथ जोड़कर सबसे राम-राम और सीता-राम कहता है। ये लोग सूर्योदय और सूर्यास्त के समय मंदिर रोज आते हैं और मंत्रोच्चार करने के साथ ईश्वर की आराधना करते हैं। उन्हें दाल, चावल और रोटी भा रही है। वे रोज ‘ओम नम: शिवाय’ का जाप करते हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दुनिया से कोरोना महामारी को समाप्त करें। पड़ोस के गांव का संजय अंग्रेजी में इस परिवार से बात करता है। संजय बताते हैं कि परिवार कहता है कि वे अपने घर वापस लौटने के बाद भी शिव जी, पार्वती जी, गणेश जी और हनुमान जी की आराधना जारी रखेंगे।
The post मंदिर में रुका फ्रांसीसी परिवार सीख रहा है मंत्रोच्चार appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2YbMtLF
via Latest News in Hindi
0 Comments