हरियाणा में तीसरी मौत, 76 हुए पॉजिटिव केस
दिनेश भारद्वाज/टि्रन्यू
चंडीगढ़, 5 अप्रैल
हरियाणा में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या ने सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बेशक, पिछले तीन दिनों में मरकज के तब्लीगी जमातियों की वजह से कोरोना पॉजिटिव केस बढ़े हैं। वहीं प्रदेश में रविवार को कोरोना से तीसरी मौत हो गई। करनाल के रसीन गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चार रोज पहले अम्बाला के एक बुजुर्ग की भी चंडीगढ़ पीजीआई में मौत हो गई थी।
इस बीच पिछले चौबीस घंटों में कोरोना के 6 नये मामले सामने आए हैं। शनिवार की रात तक प्रदेश में कोरोना के 70 पॉजिटिव केस थे, जो रविवार को बढ़कर 76 हो गए हैं।
बेशक, प्रदेश की आबादी के हिसाब से यह आंकड़ा बहुत कम है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक लिए गए सैम्पल और उनके नतीजों के हिसाब से आंकड़ा चिंतित करने वाला ही है। प्रदेश में अभी तक कुल 1536 लोगों के सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजे गए। अभी तक 1054 लोगों के सैम्पल के नतीजे आए हैं। इनमें से 76 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यानी 7.21 प्रतिशत मरीज कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इस लिहाज से यह संख्या काफी खतरनाक मानी जा सकती है। 1536 सैम्पलों में से 978 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। 482 सैम्पल का रिजल्ट आना अभी बाकी है। वर्तमान में भी अस्पतालों में 498 लोगों को भर्ती करवाया गया है।
कोरोना से दूसरी मौत होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने करनाल जिला प्रशासन को अलर्ट कर दिया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने बताया कि वर्तमान में गुरुग्राम में सबसे अधिक 700 व्यक्ति प्रति मीलियन की दर से टेस्टिंग की जा रही है। इसे आने वाले दिनों में 1000 व्यक्ति प्रति मिलियन की दर से बढ़ाया जाएगा।
नूंह व पलवल में 300 व्यक्ति प्रति मिलियन की दर से टेस्टिंग की जा रही है। इसे भी 500 व्यक्ति प्रति मिलियन के अनुपात से बढ़ाया जाएगा। फरीदाबाद और पानीपत में भी 1000 व्यक्ति प्रति मिलियन के अनुपात से टेंस्टिंग की सुविधा की जाएगी। वर्तमान में पीजीआई, रोहतक और भगत फूल सिंह, खानपुर कलां में कोविड-19 बीमारी की टेस्टिंग की जा रही है। सोमवार से गुरुग्राम की दो निजी परीक्षण प्रयोगशालाओं को भी चालू कर दिया जाएगा। अरोड़ा ने कहा कि मोहाली की एक परीक्षण प्रयोगशाला के साथ भी राज्य सरकार की बातचीत चल रही है। इसके साथ जल्द ही एमओयू होगा ताकि राज्य के कोविड-19 के मरीजों की टेस्िटंग ज्यादा से ज्यादा की जा सके।
अब 61 पॉजिटिव में से 33 जमाती
प्रदेश में कोरोना के कुल 76 पॉजिटिव मरीजों में से 15 ठीक होकर अपने घरों में वापस आ चुके हैं। ऐसे में अब अस्पतालों में दाखिल 61 कोरोना पॉजिटिव में से 33 मरकज से लौटे तब्लीगी जमाती हैं। यानी प्रदेश में जमातियों के कोरोना पॉजिटिव होने का आंकड़ा 50 प्रतिशत से भी अधिक हो गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि तीन रोज पूर्व इनकी संख्या महज तीन थी, लेकिन अब बढ़कर 33 हो चुकी है।
4 श्रीलंका के जमाती भी पॉजिटिव
हरियाणा में मिले 1372 जमातियों में से 107 विदेशी हैं। अभी तक पॉजिटिव मिले केस में श्रीलंका के 4, नेपाल का 1, तमिलनाडु के 5, केरल के 3, पश्चिमी बंगाल के 3, तेलंगाना के 2, बिहार के 2 तथा उत्तर प्रदेश, पंजाब, कर्नाटक, नई दिल्ली व महाराष्ट्र के एक-एक मरीज शामिल हैं।
लॉकडाउन में 6100 वाहन सीज : हरियाणा में लॉकडाउन को लागू करवाने के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस द्वारा लॉकडाउन उल्लंघन के कुल 5572 मामले पकड़े हैं। इनमें 1423 मामलों में पुलिस ने केस दर्ज किया है और कुल 2104 को गिरफ्तार किया गया है।
मजदूरों से किराया नहीं मांगेंगे मालिक
इधर, सीएम मनोहर लाल खट्टर ने प्रदेश के लोगों का आह्वान किया है कि वे प्रदेश में जहां कहीं भी प्रवासी श्रमिक किराये के आवास में रह रहे हैं, उन संपत्तियों के मकान मालिक एक महीने की अवधि के लिए किराये के भुगतान की मांग नहीं करेंगे। यदि कोई मकान मालिक मजदूरों और छात्रों को अपना परिसर खाली करने के लिए मजबूर करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
मेवात में 8 हुए कोरोना पॉजिटिव
नूंह/मेवात (निस): नूंह (मेवात) में 8 व्यक्ति कोराेना वायरस पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 7 तब्लीगी जमातियों में से 3 केरल व 4 श्रीलंका के हैं, जबकि 1 चालक है। इसी तरह नल्हड़ मेडिकल कॉलेज आइसोलेशन में कुल 48 संक्रमित में से 15 पलवल के अस्पताल से पहुंचे हैं। जबकि गांव सालाहेड़ी में बने क्वारंटाइन में 236, मालब में 230, फिरोजपुर नमक में 164 व रहना में विदेशियों के लिए बने क्वारंटाइन में 57 जमाती रखे गए हैं। पॉजिटिव केस बढ़ने के बाद प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।
राहत देने वाली बात : 24 घंटों में 3 हजार से अधिक क्वारंटाइन से बाहर
प्रदेश के लिए एक राहत वाली खबर भी है। पिछले चौबीस घंटों में 3 हजार से अधिक लोगों ने अपना क्वारंटाइन पीरियड पूरा कर लिया है। यानी इन लोगों में कोरोना के किसी प्रकार के लक्षण नहीं मिले। अभी तक 4114 लोग क्वारंटाइन पीरियड पूरा कर चुके हैं। शनिवार तक यह आंकड़ा 1039 था। अब कुल 13 जार 941 लोगों को निगरानी पर रखा गया है। विदेश से यात्रा करके लौटने वालों का आंकड़ा 17 हजार 353 है। 702 ऐसे लोग भी हैं, जो इनके संपर्क में आए। कुल 18 हजार 55 लोगों को क्वारंटाइन में रखा गया।
The post हरियाणा में तीसरी मौत, 76 हुए पॉजिटिव केस appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3aH0KTT
via Latest News in Hindi
0 Comments