डॉक्टरों व मेडिकल स्टाफ के साथ खड़ी सरकार
चंडीगढ़, 5 अप्रैल (ट्रिन्यू)
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कोरोना मरीजों की सेवा में जुटे डाॅक्टरों, नर्सों तथा पैरामेडिकल स्टाफ का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें एक पत्र लिखा है। सीएम ने पत्र के माध्यम से आश्वासन दिया है कि आपदा की इस घड़ी में उनके परिवार की जिम्मेदारी सरकार की है।
वे बिना किसी चिंता के प्रदेश को इस संकट की घड़ी से बाहर निकालें। हरियाणा में एक तरफ जहां लॉकडाउन के चलते सभी विभागों के कर्मचारी अपने-अपने घरों में हैं, वहीं अभी 3 हजार के करीब नर्सें, डाॅक्टर तथा पैरामेडिकल स्टाफ के कर्मचारी पहले दिन से ही ड्यूटी पर तैनात हैं। पीजीआई रोहतक समेत जिला मुख्यालय के अस्पतालों में तो हालात यह हैं कि डाॅक्टर तथा नर्सें दोहरी ड्यूटी देकर कोरोना पीडि़तों की सेवा में जुटे हुए हैं।
मालूम हो, कोरोना पीड़ितों के संपर्क में आने के कारण दो नर्सें अब तक पॉजिटिव हो चुकी हैं, जबकि करीब एक दर्जन डाॅक्टर आइसोलेशन में हैं। हरियाणा सरकार डाॅक्टरों, नर्सों तथा पैरा मेडिकल स्टाफ को एक्सग्रेशिया का लाभ देने का भी ऐलान कर चुकी है।
अपने पत्र में सीएम ने कहा है कि डॉक्टरों द्वारा दृढ़ संकल्प से कार्यरत रहकर कार्य करने से मानव जाति का मस्तक गर्व से ऊंचा हो गया है। सीएम के अनुसार हालात विकट हैं, साधनों की कमी है। आपको अपनी, अपने साथी कर्मियों और परिवार की चिंता है। जहां बाकी सब लोग अपना सारा समय घरों में अपने परिवार के संग व्यतीत कर रहे हैं, वहीं आप ऐसा नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा, यह लड़ाई अभी और चल सकती है।
जिस तरह से आपने अब तक अपनी प्रेरणा को बनाए रखा है, उसी तरह आगे भी आपको तब तक डटे रहना है जब तक कोरोना के खिलाफ लड़ाई हम जीत नहीं लेते। सीएम ने आश्वासन दिया कि आपके और परिजनों के कुशलक्षेम के लिए हरियाणा सरकार, जिला प्रशासन और वे स्वयं कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
The post डॉक्टरों व मेडिकल स्टाफ के साथ खड़ी सरकार appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2V8K4Os
via Latest News in Hindi
0 Comments