जम्मू, 18 अप्रैल (हप्र)
शनिवार शाम उत्तरी कश्मीर के बारामुल्ला जिले के सोपोर कस्बे में एक आतंकी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 4 जवान शहीद हो गए तथा 3 अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गये। इनमें एक वाहन चालक भी शामिल है। यह हमला बुलेट प्रूफ वाहन पर हुआ। सुरक्षाबल आतंकियों की सरगर्मी से तलाश कर रहे हैं।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक शहीद होने वाले जवानों में तीन की पहचान इस तरह से है-बिहार के वैशाली निवासी हेड कांस्टेबल राजीव शर्मा, महाराष्ट्र के बुलधाना निवासी कांस्टेबल सीबी भाकरे और गुजरात के साबरकांठा निवासी कांस्टेबल सत्यपाल सिंह।
पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने बताया कि आतंकियों ने सोपोर कस्बे में नूरबाग इलाके में अहद बाब क्रासिंग पर सीआरपीएफ और पुलिस के एक संयुक्त गश्ती दल पर हमला बोला था। उन्होंने बताया कि हमले में 2 जवानों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हमले के तुरंत बाद सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था। बीते एक सप्ताह में अर्धसैनिक बल पर हुआ यह तीसरा हमला है।
हमले के बाद कश्मीर में सतर्कता बढ़ा दी गयी है क्योंकि खुफिया इनपुट हैं कि आतंकी कोरोना वायरस से फैले हालात में लगे हुए सुरक्षाबलों पर हमलों को बढ़ा सकते हैं। सुरक्षाबलों का कहना है कि संभावित इलाकों में दबिश डाली जा रही है।

The post आतंकी हमले में 4 जवान शहीद appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/34L77TY
via Latest News in Hindi

0 Comments