नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (एजेंसी)
मुंबई में पश्चिमी नौसेना कमान में तैनात 26 जवान कोरोना से संक्रमित पाए गये हैं। भारतीय सशस्त्र बलों में इस संक्रमण का यह पहला बड़ा मामला है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सभी संक्रमित नौसैन्य कर्मी आईएनएस आंग्रे में सेवारत हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सेना के सूत्रों ने संक्रमित जवानों की संख्या 26 बताई, जबकि नौसेना ने शनिवार सुबह एक बयान में संक्रमितों की संख्या 21 बताई। संक्रमित नौसैन्यकर्मियों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया गया है। सूत्रों ने बताया कि आईएनएस आंग्रे की रिहायशी इकाइयों में सभी की जांच की जा रही है।
पश्चिमी नौसेना कमान को एक सामरिक प्रतिष्ठान माना जाता है। यह अरब सागर और हिंद महासागर के कुछ हिस्सों में देश के समुद्री हितों की रक्षा करता है। मुंबई में नौसेना का डॉकयार्ड आईएनएस आंग्रे से कुछ सौ मीटर की दूरी पर है। सूत्रों ने बताया कि संक्रमितों में से 25 कर्मी आईएनएस आंग्रे के एक ही रिहायशी ब्लॉक में रह रहे थे, जबकि एक कर्मी अपने घर पर रहता है और उसकी मां भी संक्रमित पाई गई है। आईएनएस आंग्रे को बंद कर दिया गया है। एक बयान में नौसेना ने कहा, ‘इनमें से ज्यादातर में लक्षण नहीं देखे गए और उस नाविक के जरिए इनका पता चला जो 7 अप्रैल को संक्रमित पाया गया था।’ नौसेना मुख्यालय समेत रक्षा मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी मामले पर नजर रख रहे हैं।

The post पश्चिमी नौसेना कमान में 26 संक्रमित appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2KfPeTN
via Latest News in Hindi

0 Comments