ट्रिब्यून न्यूज सर्विस
चंडीगढ़, 18 अप्रैल
हरियाणा के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश सरकार द्वारा जिन लोगों को कोरोना संदिग्ध होने के चलते क्वारंटाइन करके सर्विलांस पर रखा, उनमें से आधे से अधिक सर्विलांस पीरियड पूरा कर चुके हैं। इतना ही नहीं, प्रदेश में ठीक होने वालों का आंकड़ा भी बढ़ गया है। प्रदेश में अभी तक मिले कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से 45.45 प्रतिशत ठीक होकर अपने घरों को लौट चुके हैं।
पिछले 24 घंटों में ही 14 मरीज ठीक हुए हैं। शनिवार को अलग-अलग अस्पतालों से डॉक्टरों, नर्सों व पैरा-मेडिकल स्टॉफ के कर्मचारियों ने इन मरीजों को तालियां बजाकर डिस्चार्ज किया। सरकार ने अभी तक कुल 29 हजार 190 लोगों को क्वारंटाइन किया। इनमें से आधे से अधिक यानी 15 हजार 138 लोग सर्विलांस पीरियड को पूरा कर चुके हैं। इनमें विदेश से लौटने वालों के अलावा कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आने वाले भी शामिल हैं।
फिलहाल 14 हजार 52 लोग अभी भी सर्विलांस पर हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक 10 हजार 454 लोगों के सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इनमें से 8093 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। 2143 सैम्पल की रिपोर्ट आनी अभी शेष है। प्रदेश में इटली के 14 नागरिकों को अगर मिलाएं तो अभी तक कुल 234 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। 2 लोगों की अभी तक मौत हुई है।
वहीं अभी तक कुल 100 मरीज ठीक हुए हैं। 3 बार कोरोना के नेगेटिव रिपोर्ट आने के बाद ही इन मरीजों को अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया है। इतना ही नहीं, डिस्चार्ज किए गए सभी मरीजों को घरों में ही 14 दिन के लिए क्वारंटाइन में रखा गया है।
शनिवार को डिस्चार्ज हुए कुल 14 मरीजों में से पलवल से 6, नूंह से 4, फरीदाबाद से 3 तथा अंबाला से एक मरीज शामिल हैं। सभी इटालियन भी अस्पताल से जा चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, 24 घंटों में प्रदेश में 9 नये मरीज सामने आये। इनमें सबसे अधिक 4 मरीज पलवल में मिले। नूंह में भी एक और नया मरीज मिला है। वहीं सोनीपत में 3 और एक पॉजिटिव केस पंचकूला में मिला है। पंचकूला में पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है, जो अब चिंताजनक माना जा रह है। केंद्र के नियमों के हिसाब से 15 से अधिक मरीज होने वाले एरिया को हॉट-स्पॉट माना जाता है।
सिर्फ एक को ऑक्सीजन की जरूरत : विज
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का कहना है कि हरियाणा, देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां कोरोना पॉजिटिव मरीजों के ठीक होने की दर सबसे अधिक है। 45.45 मरीज किसी भी प्रदेश में ठीक नहीं हुए हैं। विज ने कहा, इटालियन नागरिकों का उपचार जरूर गुरुग्राम के प्राइवेट अस्पताल में हुआ। इनके अलावा बाकी अधिकांश मरीजों का उपचार सरकारी अस्पतालों में ही हुआ है। विज ने कहा, अभी तक केवल एक ही मरीज ऐसा था, जिसे ऑक्सीजन की जरूरत पड़ी। प्रदेश में किसी भी मरीज को अभी तक आईसीयू में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, अब लोगों में हाथ मिलाने की बजाय नमस्ते करने की आदत पड़ जाएगी। साथ ही, लोग साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखेंगे।

The post हरियाणा में 45% ठीक, आधे से अधिक का सर्विलांस पूरा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3cvcp8W
via Latest News in Hindi

0 Comments