चंडीगढ़, 18 अप्रैल (ट्रिन्यू)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अपील का असर हरियाणा में दिखाई देने लगा है। हरियाणा में अब तक 16 लाख 47 हजार 224 लोगों ने केंद्र सरकार की ‘आरोग्य सेतु’ एप को अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड किया है। लोग इस एप के माध्यम से न केवल अपनी जानकारी सार्वजनिक कर रहे हैं बल्कि कोरोना को लेकर सेल्फ टेस्ट भी कर रहे हैं।
हरियाणा में अब तक 213 कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। इनमें से करीब 120 तबलीगी जमाती संक्रमित हैं। हरियाणा में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अंतर्गत आते गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह व पलवल जिलों में सर्वाधिक केस सामने आने के कारण इन जिलों को रेड जोन में रखा गया है। शनिवार तक गुरुग्राम में 32, नूंह में 57, पलवल में 32 तथा फरीदाबाद में 33 कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। लोगों को कोरोना को लेकर सभी प्रकार की जानकारी देने के लिए यह एप बनाई गई। हरियाणा में अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह के दौरान सरकार ने लोगों को इस एप के साथ जोड़ने का अभियान चलाया।
अब तक लाखों लोग इसे डाउनलोड कर चुके हैं। हरियाणा में तबलीगी जमात से जुड़े लोगों के कारण नूंह में कोरोना के सर्वाधिक पॉजिटिव केस आए हैं लेकिन वहीं पर सबसे कम 24 हजार 181 लोगों ने इस एप को डाउनलोड किया है। आरोग्य सेतु एप को गुरुग्राम में पांच लाख 30,504 व फरीदाबाद में तीन लाख 88 हजार 8277 लोगों ने डाउनलोड किया है। नूंह जैसे हालात पलवल के भी हैं। यहां 52,579 ने एप को डाउनलोड किया।

The post साढ़े 16 लाख ने ‘आरोग्य सेतु’ पर जताया विश्वास appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2ystQYM
via Latest News in Hindi

0 Comments