क्लर्क लगवाने के नाम पर 12 लाख ऐंठे
फरीदाबाद (हप्र) :
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से क्लर्क की नौकरी दिलवाने का झांसा देकर 12 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित के जीजा से भी इसी तरह रुपये ऐंठने का प्रयास किया, मगर उसने रुपये नहीं दिए। पीड़ित की शिकायत पर थाना ओल्ड फरीदाबाद पुलिस ने दंपती सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
मूलरूप से रेवाड़ी निवासी संजय यहां ओल्ड फरीदाबाद की बसेलवा कॉलोनी में रहता है। संजय ने बताया कि वर्ष 2016 में उनके एक रिश्तेदार महेंद्रगढ़ निवासी प्रदीप सिंह ने उनसे कहा कि हरियाणा सरकार ने क्लर्कों की भर्ती निकाली हुई है और उसकी हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग में जानकारी है। वह उसकी नौकरी लगवा सकता है। प्रदीप ने 15 लाख रुपये की मांग की, जो बाद में 14 लाख रुपये में मान गया। संजय ने प्रदीप के पिता महावीर और पत्नी नीरू के खाते में अलग-अलग समय में 14 लाख रुपये जमा करवा दिए। इस दौरान प्रदीप ने संजय के जीजा सतपाल से भी नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये लेने चाहे, मगर उसने इनकार कर दिया।
पैसे देने के बाद भी प्रदीप ने संजय की नौकरी नहीं लगवाई और पैसे भी नहीं दिए। संजय ने धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस में करने की बात कही तो उसने 2 लाख रुपये लौटा दिए और बाकी रुपये जल्द देने की बात कही। थोड़े समय बाद संजय ने अपने रुपये मांगने शुरू किए तो उसने मना कर दिया। इस पर संजय ने इसकी शिकायत पुलिस में की। थाना ओल्ड फरीदाबाद पुलिस ने संजय की शिकायत पर प्रदीप, उसके पिता महावीर और पत्नी नीरू के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
The post क्लर्क लगवाने के नाम पर 12 लाख ऐंठे appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2tqyK62
via Latest News in Hindi
0 Comments