फरीदाबाद (हप्र) : 
साइबर ठगों ने भूपानी गांव राजपुर कलां निवासी संदीप के पेटीएम खाते का केवाईसी करवाने का झांसा दे क्विक स्पोर्ट एप डाउनलोड करवाया और खाते से 1.16 लाख रुपये उड़ा लिए। साइबर सेल की जांच के बाद भूपानी थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संदीप ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को पेटीएम से बताया। उसने संदीप से कहा कि उनके पेटीएम खाते का केवाईसी करा लें, नहीं तो उनका खाता बंद हो जाएगा। संदीप को झांसे में लेकर आरोपी ने उनके मोबाइल फोन पर क्विक स्पोर्ट एप डाउनलोड करा दिया। इस एप के माध्यम से साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से रुपये निकालने शुरू कर दिए। संदीप के मोबाइल पर रुपये निकलने के मैसेज आने लगे तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने अपना बैंक खाता फ्रीज करवाया, मगर तब तक उनके खाते से 1.16 लाख रुपये निकल चुके थे। उन्होंने इसकी शिकायत भूपानी थाना पुलिस के अलावा साइबर सेल और सीएम विंडो पर की। जांच अधिकारी एसआई सतवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

The post केवाईसी कराने के नाम पर 1.16 लाख की चपत appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/39zIfk8
via Latest News in Hindi

0 Comments