तिरुपति में रविवार को वेंकटेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पत्नी रुपांजलि के साथ बाहर आते पूर्व चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया रंजन गोगोई। -प्रेट्र

नयी दिल्ली, 17 नवंबर (एजेंसी)
पूर्वोत्तर से सर्वोच्च न्यायिक पद पर पहुंचने वाले पहले व्यक्ति चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया रंजन गोगोई रविवार को सेवानिवृत्त हो गए। उन्हें दशकों से चले आ रहे राजनीतिक और धार्मिक रूप से संवेदनशील अयोध्या भूमि विवाद के पटाक्षेप का श्रेय जाता है। जस्टिस गोगोई का कार्यकाल कुछ विवादों और व्यक्तिगत आरोपों से अछूता नहीं रहा लेकिन यह कभी भी उनके न्यायिक कार्य में आड़े नहीं आया। उनकी अध्यक्षता वाली 5 सदस्यीय पीठ ने 9 नवंबर को अयोध्या भूमि विवाद में फैसला सुनाकर अपना नाम इतिहास में दर्ज करा लिया। शीर्ष अदालत में उनके कार्यकाल को हालांकि इसलिये भी याद रखा जाएगा कि वह न्यायालय के उन 4 सबसे वरिष्ठ जजों में शामिल थे जिन्होंने पिछले साल जनवरी में तत्कालीन चीफ जस्टिस के काम करने के तरीकों पर सवाल उठाए थे। जस्टिस गोगोई ने बाद में एक कार्यक्रम में टिप्पणी की थी कि ‘स्वतंत्र न्यायाधीश और आवाज उठाने वाले पत्रकार लोकतंत्र की सुरक्षा की पहली पंक्ति हैं।’
वेंकटेश्वर मंदिर में टेका माथा
तिरुपति (आंध्रप्रदेश) (एजेंसी) : चीफ जस्टिस रंजन गोगोई ने रविवार को यहां तिरुमाला के पास भगवान वेंकटेश्वर के मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर के एक अधिकारी ने बताया कि गोगोई और उनकी पत्नी रूपांजलि गोगोई ने यहां अल सुबह मशहूर पर्वतीय मंदिर में पूजा की। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम की देखरेख वाले मंदिर में पूजा करने के बाद वह दिल्ली के लिये रवाना हो गये। उन्होंने शनिवार को यहां तिरुचनूर के पास स्थित देवी श्री पद्मावती के मंदिर में भी दर्शन किये।

The post सीजेआई रंजन गोगोई सेवानिवृत्त appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2QqrzEr
via Latest News in Hindi

0 Comments