सबरीमाला मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब
सबरीमाला में रविवार को मलयाली महीने के पहले दिन अयप्पा मंदिर में माथा टेकने के लिए लगी भक्तों की भीड़। -प्रेट्र
सबरीमाला (केरल), 17 नवंबर (एजेंसी)
केरल में सबरीमाला स्थित भगवान अयप्पा के मंदिर में दर्शन के लिए रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दो महीने तक चलने वाली वार्षिक तीर्थयात्रा ‘मंडल-मकरविलक्कू’ का आज दूसरा दिन है। पुजारी द्वारा पूजा किए जाने के बाद हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर के कपाट खोल दिए गए और पहले दिन कड़ी सुरक्षा के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
वहीं, पहले ही दिन पुलिस ने प्रतिबंधित आयु वर्ग की 10 महिलाओं को रास्ते से ही वापस भेज दिया। उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय की पांच सदस्यीय पीठ ने सबरीमाला मंदिर में 10 से 50 वर्ष की उम्र की महिलाओं को प्रवेश और अन्य धर्म से जुड़े मामलों को वृहद पीठ को भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि सबरीमाला मंदिर पेरियार बाघ संरक्षण क्षेत्र में है और इसके कपाट श्रद्धालुओं के लिए केवल मंडलपूजा, मकरविलक्कू और विशू उत्सव के लिए खोले जाते हैं।
सुप्रीमकोर्ट के फैसले पर लगी है रोक : केरल के विधि मंत्री
तिरूवनंतपुरम (एजेंसी) : केरल के विधि मंत्री एके बालन ने रविवार को कहा कि सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश के मुद्दे पर सुप्रीमकोर्ट के 28 सितंबर के आदेश पर दरअसल रोक लगी हुई है और राज्य सरकार केवल अदालत के निर्णय के आधार पर ही कदम उठा सकती है। बालन ने संवाददाताओं से कहा कि इस मामले में संवैधानिक सरकार अदालत के आदेश के मुताबिक ही काम कर सकती है। सवाल है कि 14 नवंबर के फैसले में पूर्व के आदेश पर रोक लगायी गयी या नहीं। विधिसम्मत दावे के मुताबिक रोक नहीं है लेकिन वास्तव में वहां रोक लगी है।
The post सबरीमाला मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/37iCJkW
via Latest News in Hindi
0 Comments