मौलवी की शरण में पाकिस्तान सरकार
इस्लामाबाद में पाकिस्तान की इमरान सरकार के खिलाफ आजादी मार्च में शामिल प्रदर्शनकारी शहर की घेराबंदी के दौरान पारम्परिक खेल टोपी खेलते हुए, जिसमें खिलाड़ी पंजों पर संतुलन रखते हुए मुंह से टोपी उठाता है। -रा.
इस्लामाबाद, 5 नवंबर (एजेंसी)
पाकिस्तान सरकार पिछले 5 दिन से जारी प्रदर्शनों को खत्म कराने के लिये तेजतर्रार मौलवी तथा राजनीतिक नेता मौलाना फजलुर्रहमान के पास जा पहुंची है। मौलाना फजलुर्रहमान प्रधानमंत्री इमरान खान को सत्ता से हटाने की पुरजोर कोशिश में जुटे हैं। वही दक्षिणपंथी जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम फज्ल (जेयूआई-एफ) की कमान में इस्लामाबाद में चल रहे ‘आजादी मार्च’ नामक इस प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे हैं। उन्होंने इमरान खान पर 2018 के चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की है।
‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के अनुसार सरकार के वार्ताकारों की दो अलग-अलग टीमें कल जेयूआई-एफ के पास पहुंची थीं। खबर के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी शुजात हुसैन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कल रात फजलुर्रहमान से मुलाकात की। इससे कुछ ही घंटे पहले रक्षा मंत्री परवेज खत्ताक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जेयूआई-एफ नेता अकरम खान दुर्रानी के नेतृत्व वाली रहबर समिति के साथ मुलाकात कर उनकी मांगों पर चर्चा की। खबर में कहा गया है कि हालांकि दोनों पक्षों में से किसी ने भी बातचीत सार्थक रहने के संकेत नहीं दिये। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) समेत विपक्षी दलों ने भी इस प्रदर्शन को समर्थन दे रखा है।
The post मौलवी की शरण में पाकिस्तान सरकार appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2NJ6RwH
via Latest News in Hindi
0 Comments