शहर में 5 लोग मिले कोरोना संक्रमित

चंडीगढ़/पंचकूला, 7 जुलाई (नस)
चंडीगढ़ में पिछले 2 हफ्तों से पीजीआई में कोरोना से लड़ते हुए मंगलवार को 80 साल के कृष्ण चंद जिंदगी की जंग हार गए। क्रोनिक हाइपरटेंशन से पीड़ित यह वृद्ध वेंटीलेटर पर थे। मेडिकल शॉप के मालिक के पिता कृष्ण चंद के साथ हेल्थ डिपार्टमेंट ने घर के अन्य सदस्यों और शॉप के वर्करों के भी सेम्पल लिए थे। शहर में जान गंवाने वालों की संख्या 7 हो चुकी है। उधर, मंगलवार को 4 अलग-अलग परिवारों में 5 लोग संक्रमित पाए गए। सेक्टर 40 में 35 साल की महिला बीते दिन सेक्टर 50 निवासी संक्रमित के संपर्क में आने के बाद पॉजिटिव पाई गई। सेक्टर 42 में रह रहा 24 साल का युवक पॉजिटिव मिला। युवक के परिवार में 3 लोग हैं और किसी में भी बीमारी के लक्षण नहीं मिले। सेक्टर 32 में 49 साल की महिला 14 साल की बेटी के साथ संक्रमित पाई गई। सेक्टर 51 में 55 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित पाया गया जिसके परिवार में से स्वास्थ्य विभाग ने 4 अन्य सदस्यों के सेम्पल लिए।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक शहर में सेक्टर 21, बहलाना और सेक्टर 20 समेत अन्य सेक्टरों में कुल 38 लोगों के सेम्पल लेने के बाद देर शाम तक उन्हें कवारंटाइन करने और एरिया को सील करने की प्रक्रिया जारी थी। शहर में अब तक 492 कोरोना पजिटिव मामले रिपोर्ट हो चुके हैं जिनमें से 84 एक्टिव मामले हैं।

पीएनबी आफिस, पुलिस चौकी सील
चंडीगढ़ के सेक्टर 8 के पंजाब नेशनल बैंक के हेड कैशियर राजीव की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मंगलवार को बैंक की शाखा को सील कर दिया गया है। साथ ही सेक्टर 61 पुलिस चौकी को भी अगले आदेशों तक सील कर दिया गया है। दरअसल चौकी में तैनात एक कांस्टेबल के बेटे को कोरोना का संदिग्ध मरीज बताया जा रहा है।

अब तक 105 पॉजिटिव हुये ठीक
पंचकूला (ट्रिन्यू) : जिला में कोरोना संक्रमण के चलते अब तक 124 लाेगों के नमूने पॉजिटिव पाए गए जिनमें से 105 लोग ठीक हो गए, बाकी का स्वास्थ्य विभाग द्वारा इलाज किया जा रहा है। इसके अलावा 59 अन्य जिलों व राज्यों के व्यक्तियों के मामले भी पॉजिटिव हैं। उपायुक्त ने बताया कि जिला में अब तक 11255 व्यक्तियों के नमूने लिए गए हैं। इनमें 11018 व्यक्तियों के नमूने नेगेटिव पाए गए। इसके अलावा 27 व्यक्तियों के नमूनों के परिणाम आने बाकी हैं। जिला के 923 व्यक्तियों को घरों में क्वारंटाइन किया गया हैं। इसके अलावा विदेश से आने वाले 21 व्यक्तियों को होटलों में क्वारंटाइन किया गया है।

The post चंडीगढ़ में महामारी ने ली एक और जान appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/31PO1g6
via Latest News in Hindi

0 Comments