शोपियां में हिजबुल के 5 आतंकवादी ढेर
जम्मू/श्रीनगर, 7 जून (हप्र/एजेंसी)
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में रविवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में शीर्ष कमांडर सहित हिजबुल मुजाहिदीन के 5 आतंकवादी मारे गये। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रेबान इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने रेबान इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई।
वहीं, पाकिस्तानी सेना ने 10-12 आतंकियों को इस ओर धकेलने की कोशिश की। इस साजिश को भारतीय जवानों ने नाकाम कर दिया। सेना के अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने कुपवाड़ा में नौगाम इलाके में आतंकियों के एक जत्थे को भारी हथियारों के साथ इस ओर भेजने की कोशिश की। वे एलओसी को पार कर कुछ मीटर भीतर आ गये थे। भारतीय जवानों ने जब उन्हें ललकारा तो वे अपना कुछ सामान छोड़ पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर के इलाके में भाग गये। सूत्रों के मुताबिक, इन घुसपैठियों के साथ कुछ देर गोलीबारी भी हुई थी। दूसरी ओर, पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए उड़ी सेक्टर में एलओसी के पास नागरिक व सैन्य ठिकानों पर गोलाबारी की। भारतीय जवानों ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया।
The post शोपियां में हिजबुल के 5 आतंकवादी ढेर appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3dG47fq
via Latest News in Hindi
0 Comments