कम हुई संक्रमण की रफ्तार
नयी दिल्ली में शुक्रवार को लॉकडाउन के दौरान दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की जांच करते सुरक्षाकर्मी। -प्रेट्र
नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (एजेंसी)
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि पिछले एक सप्ताह में 6.2 दिन में देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या दोगुनी हुई जबकि देशभर में लॉकडाउन लागू किये जाने से पहले यह दर तीन दिन थी। इस बीच, देशभर में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 13,835 हो गयी है और मरने वालों की संख्या 452 पहुंच गयी है। अब तक 1,749 लोग स्वस्थ हो गए हैं जो कुल रोगियों का 13.06 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने दैनिक मीडिया ब्रीफिंग में दावा किया कि कोरोना संक्रमण से सही होने वाले और संक्रमण से मौत की संख्या के अनुपात के मामले में भारत अन्य कई देशों से बेहतर काम कर रहा है।
अग्रवाल ने कहा, ‘अगर भारत में 80 प्रतिशत रोगी सही हो रहे हैं और 20 प्रतिशत मामलों में मौत की बात पता चल रही है तो मानकों के अनुसार भारत इस अनुपात के मामले में अन्य कई देशों से थोड़ा बेहतर कर रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मामले दोगुने होने की दर राष्ट्रीय औसत से कम है।’ स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी ने यह भी कहा कि जांच के कारण मामलों में 40 प्रतिशत की गिरावट भी आ गयी है जिनमें श्वसन संबंधी गंभीर संक्रमण (एसएआरआई) और इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी (आईएलआई) के भी मामले हैं। उन्होंने कहा कि अब तक देशभर में 1,919 विशेष अस्पताल तैयार किये गये हैं जिनमें 1.73 लाख पृथक बिस्तर और 21,800 आईसीयू बैड तैयार किये गये हैं।
ज्यादा प्रभावित राज्यों को भेजी जा रही हैं जांच किट
अग्रवाल ने बताया कि चीन से पहुंचीं पांच लाख रैपिड एंटीबॉडी जांच किट को राज्यों में उन जिलों के लिए वितरित किया जा रहा है जहां संक्रमण के मामले अत्यधिक हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के वैज्ञानिक डॉ. रमन आर गंगाखेड़कर ने कहा कि देश में अब तक कोरोना संक्रमण की 3,19,400 जांच की गयी हैं। अग्रवाल ने बताया कि एक मंत्रिसमूह ने शुक्रवार को लॉकडाउन के बारे में खाका तैयार करने के लिए बैठक की जिसमें जांच, टीकों, दवाओं, अस्पताल के उपकरणों आदि में विज्ञान और प्रौद्योगिकी संस्थानों के प्रयासों की समीक्षा भी की गयी।
The post कम हुई संक्रमण की रफ्तार appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2RPWdaq
via Latest News in Hindi
0 Comments