आदित्य शर्मा/नस
चंडीगढ़/पंचकूला, 17 अप्रैल
चंडीगढ़ में शुक्रवार रात को 2 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। शहर में पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 23 हो गई। इनमें से एक्टिव मरीज 12 हो चुके हैं। जीएमसीएच 32 में भर्ती धनास निवासी 52 साल के व्यक्ति को कोरोना संक्रमित पाया गया। इसके अलावा सेक्टर 30 निवासी एक महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है। इस बीच कोरोना पॉजिटिव केसों को लेकर रेड जोन बन चुके टाइसिटी में शुक्रवार को चंडीगढ़ से राहत की खबर आई। बीते 48 घंटों में पीजीआई में से 2 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। इनमें सेक्टर 21 में पहली कोरोना पॉजिटिव युवती के संपर्क में आकर कोरोना पीड़ित हुए कुक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बीती 22 मार्च को डॉक्टरों ने इंगलैंड से चंडीगढ़ आई युवती के माता-पिता समेत भाई और कुक के सैंपल लिए गए थे जिनमें से कुक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। बताया गया कि शुक्रवार को पीजीआई के आइसोलेशन वार्ड में 14 दिन क्वारंटाइन रहने के बाद छुट्टी दे दी गई। इससे पहले कनाडा से चंडीगढ़ आए दंपति का इलाज करने वाले मोहाली के एक निजी अस्पताल के एक डॉक्टर भी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। क्वारंटाइन की अवधि समाप्त होने पर जब डॉक्टरों ने उनकी सैंपलिंग की तो उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई। उन्हें बुधवार को डिस्चार्ज कर दिया गया था। चंडीगढ़ में 21 केसों में 11 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 10 लोगों का पीजीआई मंे इलाज चल रहा है। सभी पॉजिटिव रोगियों की हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई गई है। कुल 358 सैंपलों में से 335 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। प्रशासन ने 1741 लोगों को क्वारंटाइन किया जिनमें से 1338 लोग यह अवधि पूरी कर चुके हैं।

पीजीआई में सफाईकर्मी है नयागांव का कोरोना मरीज
मोहाली (ट्रिन्यू) मोहाली में शुक्रवार को 72 घंटे के बाद कोरोना वायरस संक्रमण का एक और मामला सामने आया है। नयागांव का 30 वर्षीय निवासी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके बाद अब मोहाली में कुल संक्रमितों की संख्या 57 हो गयी है। सिविल सर्जन डॉ. मंजीत सिंह ने कहा कि मरीज पीजीआई चंडीगढ़ के कोविड वार्ड में सफाई कर्मी है। उसके सैंपल पॉजिटिव आने के बाद रोगी को शुक्रवार को पीजीआई में ही भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि गांव में रोगी के संपर्क में आने वालों लोगों की जांच के लिए टीमें लगा दी गई हैं।

The post चंडीगढ़ में कोरोना के 2 नये मामले, कुल 23 appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3afrzgR
via Latest News in Hindi