जोगिंद्र सिंह/ट्रिन्यू
चंडीगढ़, 17 अप्रैल
पंजाब विश्वविद्यालय अब अपने छात्रों की मानसिक व शारीरिक सेहत के लिये ऑनलाइन काउंसलिंग की सुविधा प्रदान करेगी। डीन रिसर्च प्रो. आरके सिंगला ने बताया कि कोरोना वायरस महामारी से दरपेश चुनौतियों से निपटने के लिये कुलपति प्रो. राज कुमार ने छात्रों की वेलनेस की एक अनूठी पहल की है।
घरों-हॉस्टलों में रह रहे छात्रों को तनाव, चिंता व हताशा जैसी विभिन्न प्रकार की चुनौतियों से रूबरू होना पड़ रहा है, इसलिये पीयू कुलपति ने छात्रों के लिये एक हेल्पलाइन शुरू करने का फैसला लिया है। कोई भी छात्र दिये गये व्हाट्सएप नंबर पर कॉल कर सकता है या फिर मैसेज भेज सकता है। छात्र की समस्या को देखते हुए एक्सपर्ट से इस बारे में सलाह ली जायेगी और संबंधित छात्र तक उसे पहुंचा दिया जायेगा। कुलपति प्रो. कुमार ने बताया कि इसका मकसद यही है कि छात्र मानसिक तौर पर एकदम फिट रहें और उन्हें लॉकडाउन और कर्फ्यू के दौरान किसी तरह से अकेलापन या चिंता अथवा तनाव का शिकार न होना पड़े। इस हेल्पलाइन के जरिये छात्रों को पोषक तत्वों वाली डाइट लेने की भी सलाह दी जाएगी और नेचुरोपैथी की कुछ टिप्स भी दी जायेंगी। व्यक्तित्व विकास के लिये योगाभ्यास और मेडिटेशन के अलावा मोटिवेशन और प्रोत्साहन पर भी जोर दिया जायेगा। इसके माध्यम से एटीट्यूड बिल्डिंग और लाइफस्टाइल मैनेजमेंट के भी गुर सिखाये जायेंगे।

टीम लीडर बनें युवा
इस कार्यक्रम का सबसे अहम पहलू यह है कि छात्रों की एक पीअर सपोर्ट टीम हमेशा उपलब्ध रहेगी जिन्होंने पिछले छह साल के दौरान यू कनेक्ट, हार्टफुलनेस, सेल्फ डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत जीवन तबदील कर देने वाले अनुभव ग्रहण किये हैं। दरअसल ये छात्र ही वास्तविक स्टोरी टेलर और आत्मविश्वास पैदा करने वाले होंगे। कुलपति ने ऐसे युवा नेतृत्व काे आगे आने का आह्वान किया है कि युवा टीम लीडर बनें और अपने साथी छात्रों को बेहतर जीवन का रास्ता दिखायें।

The post पंजाब विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को देगा ऑनलाइन काउंसलिंग की सुविधा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2RMlp1r
via Latest News in Hindi

0 Comments