सरकार पुरानी पद्धति से खरीदे गेहूं : सुरजेवाला
जींद/नरवाना, 22 अप्रैल (हप्र/अस)
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा-जजपा सरकार से किसानों की गेहूं की खरीद व भुगतान पुरानी नीति के अनुसार आढ़तियों के माध्यम से करने की मांग की है। वे बुधवार को नयी अनाज मंडी में आढ़तियों, किसानों और मजदूरों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कहा कि खट्टर सरकार की गलत नीतियों से हरियाणा की मंडियों में आढ़ती, किसान व मजदूर ठोकरें खाने को मजबूर हैं। सरकार को उनकी पीड़ा नजर नहीं आ रही। उन्होंने कहा कि इन दिनों में मंडी में इतना गेहूं होता था कि यहां पैर रखने की जगह नहीं होती थी, लेकिन इस बार आढ़ती, मजदूर व किसान हाथ पर हाथ रखकर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री अपने एसी कमरों में बैठकर यह सब देख रहे हैं। सरकार को बताना चाहिए कि गेहूं की खरीद पुरानी खरीद नीति के तहत करने में क्या परेशानी है। जींद में पत्रकारों से बातचीत में सुरजेवाला ने कहा कि आज प्रदेश में गेहूं की खरीद कागजों में हो रही है। सरकार यह बताए कि जमीन पर आकर गेहूं की खरीद कब करेगी। उन्होंने कहा कि अगर 5 मई तक गेहूं खरीद पूरी नहीं होती है तो सीएम मनोहर लाल खट्टर और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को इस्तीफे दे देने चाहिएं।
The post सरकार पुरानी पद्धति से खरीदे गेहूं : सुरजेवाला appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2KtqwiS
via Latest News in Hindi
0 Comments