चंडीगढ़ के धनास की कच्ची कालोनी और सेक्टर 30-बी को प्रभावित पाॅकेट घोषित करने के बाद सेक्टर 40 के एंट्री गेट पर भी बुधवार को वाहन सवारों की थर्मल स्क्रीनिंग एवं सेनेटाइजेशन करते स्थानीय लोग। -मनोज महाजन

रंजू ऐरी डडवाल/ट्रिन्यू
चंडीगढ़, 22 अप्रैल
चंडीगढ़ प्रशासन ने कच्ची कॉलोनी धनास और सेक्टर 30-बी को ‘प्रभावित पाॅकेट’ घोषित कर दिया है। प्रशासन के इस फैसले के बाद दोनों इलाकों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। पूरे शहर को पहले से ही कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
धनास की कच्ची कॉलोनी में करीब 1601 झुग्गियां है और सेक्टर-30बी में 590 मकान हैं। दोनों इलाकों को प्रभावित पॉकेट घोषित किया गया है। प्रशासन की कोशिश है कि पूरे एरिया को सील कर वहां के संक्रमण को बाहर न जाने दिया जाये। लोगों को घरों में रखकर उन तक जरूरी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं ताकि लोग घरों से बिल्कुल बाहर न आयें। प्रशासन के अनुसार प्रभावित पॉकेट के पूरे एरिया को सील किया गया है।
इस इलाके में जगह-जगह नाके लगा दिए गए गए हैं। सेक्टर 30बी की बाहर की मुख्य सड़क को भी वन-वे कर दिया गया है। पुलिस कर्मियों की तैनाती भी बढ़ा दी गई है। पूरे एरिया के लिए सिर्फ एक ही एंट्री और एग्जिट प्वाइंट रखा गया है। इन एरिया के अंदर अनिवार्य सेवा में लगे सभी कर्मी पीपीई किट, मास्क, ग्लब्स आदि पहन कर ही प्रवेश करेंगे।
प्रत्येक व्यक्ति के स्वास्थ्य की जायेगी जांच
प्रभावित पॉकेट में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की स्वास्थ्य की जांच की जायेगी। इसके अलावा डायरेक्टर हेल्थ सर्विस यह सुनिश्चित करेंगे कि एरिया में अगर किसी को दवाई की जरूरत हो तो वह एक मोबाइल क्लीनिक की भी स्थापना कर सकते हैं। नगर निगम के आयुक्त केके यादव को इन इलाकों को सेनेटाइज करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग के दिशानिर्देशों के अनुसार ही प्रभावित पॉकेट से निकलने वाले सॉलिड वेस्ट का निपटारा किया जाएगा। इस एरिया में आने वाले ड्राइवर, गार्बेज कलेक्टर आदि सभी पीपीई किट पहनकर ही आयेंगे।
रेजिडेंट एसोसिएशन के वालंटियर्स करेंगे मदद
प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी का कहना था कि इन क्षेत्रों में सुविधाएं पहुंचाने व कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन इलाके के लोगों को ‘ऑथराइज्ड कोविड वालंटियर्स’ के तौर पर चुन सकती हैं। वालंटियर्स की सहायता इलाके में समान पहुंचाने के लिए ले सकते हैं। निगमायुक्त इस योजना को कारगर करेंगे।

चंडीगढ़ में बुधवार को सेक्टर 48 में मोहाली की तरफ से प्रवेश करने वालों को रोकने के लिए पुलिस द्वारा लगाया बेरिकेड। -मनोज महाजन

आरडब्ल्यू ने सेक्टर-38 वेस्ट के सभी रास्ते किये सील
चंडीगढ़ के सेक्टर-40 के लोगों द्वारा अपने सेक्टर के प्रवेश द्वारों को सील किए जाने के बाद प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने ट्वीट करके सभी वेल्फेयर एसोसिएशनस से अपील की थी कि वह अपने-अपने सेक्टरों के सभी आने जाने के रास्तों को नियंत्रित करें और सेक्टर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति का रिकॉर्ड रखा जाए। सेक्टर-38 वेस्ट आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने बताया कि सलाहकार की अपील पर उनके सेक्टर में कार्यरत सभी वेल्फेयर एसोसिएशनस ने एकजुटता दिखाते हुए पूरे सेक्टर के सभी रास्तों को सील कर दिया है। सेक्टर की पॉकेट ए और पॉकेट बी में आने-जाने के लिए केवल एक-एक रास्ता ही खुला रखा गया है, जिन पर लोकल पुलिस के सहयोग से हर व्यक्ति की पूरी पड़ताल की जा रही है। आरडब्ल्यूए के महासचिव कुलभूषण शर्मा ने बताया कि दोनों एंट्री प्वाइंट्स पर पुलिस के साथ-साथ हमारे अपने वालंटियर्स भी खड़े हैं, जो वेंडर्स और बाहर से आने वाले लोगों के आई.डी. प्रूफ चेक करके ही उन्हें सेक्टर में जाने देते हैं और उनका रिकॉर्ड रखा जा रहा है। रेजिडेंट्स यूनाइटेड फ्रंट के अध्यक्ष के.एस. चौधरी ने कहा कि वेंडर्स और बाहर से आए लोगों के हाथों को सेनिटाइज करके ही उन्हें अंदर प्रवेश दिया जा रहा है और जिनके पास मास्क नहीं हैं उन्हें मास्क भी दिए जा रहे हैं। एचआईजी लोअर आरडब्ल्यूए की अध्यक्ष रेखा सूद ने बताया कि इन एंट्री प्वाइंट्स पर लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए शिक्षित भी किया जा रहा है और पूरी तरह अपने घरों में ही रहने के लिए कहा जा रहा है। एमआईजी ग्रुप एजेंसी के अध्यक्ष चितरंजन सिंह के अनुसार उनके वालंटियर्स इस मुश्किल समय में न केवल जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध करवा रहे हैं बल्कि पुलिस के सहयोग से सीनियर सिटीजंस को भी हरसंभव मदद दे रहे हैं।
पीजीआई के 18 डाॅक्टरों सहित स्टाफ के 54 लोग क्वारंटाइन
चंडीगढ़ के पीजीआई में दिल के छेद के इलाज के लिए भर्ती फगवाड़ा की 6 माह की बच्ची कोरोना वायरस की चपेट में आ गयी है। बच्ची के बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद उसका इलाज कर रहे 18 डॉक्‍टरों सहित 54 मेडिकल स्टाफ को क्वारंटाइन किया गया है। बच्ची को दो दिन से इंफेक्शन के बाद सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। 21 अप्रैल को बच्ची का सैंपल कोरोना टैस्ट के लिए भेजा, जो बुधवार को पाॅजिटिव पाया गया। पीजीआई के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि उक्त बच्ची का उपचार कर रहे पीडियाट्रिक, कार्डियो व रेडियो डायग्नोसिस विभाग के 18 चिकित्सकों, 15 नर्सों, 13 वार्ड अटेंडेंट व सफाई कर्मी, दो फिजियोथैरेपिस्ट, एक्सरे टैक्निशियन एवं इनके साथ परिवार के चार सदस्यों को भी क्वारंटाइन करके उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
चंडीगढ़ 2 दिनों से कोई केस नहीं
आज दूसरे दिन भी चंडीगढ़ में कोरोना का कोई नया केस सामने नहीं आया है। शहर में कोरोना पाॅजिटिव मरीजों की संख्या 27 है और 14 ठीक होकर घर जा चुके हैं। बुधवार को 9 मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। शहर में 529 मरीजों के सैंपलों की जांच में 492 नेगेटिव आये हैं। सेक्टर 18 की 82 वर्षीय महिला, जो पाॅजिटिव पाई गई थी के 14 परिवार के सदस्यों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। नयागांव के पाॅजिटिव मरीज के संपर्क में आये लोगों के सैंपल जांच को भेजे हैं।
सैर के शौकीनों को परिदा ने दी सलाह
चंडीगढ़ के प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने आज उन लोगों को नसीहत दी जो ट्विटर पर बार-बार उनसे सैर करने की अनुमति दिए जाने की मांग कर रहे हैं। आज ट्वीट कर परिदा ने इन लोगों को राय दी कि शीघ्र ही शहर में हर वर्ष की भांति डेंगू व मलेरिया का सीज़न आने वाला है। सैर करने की बजाया यह लोग अपने घरों में पानी की टंकियों, गीले कोनो की सफाई करें व अपने घरों को सेनेटाइज़ करें। उनका कहना है कि सैर की फिलहाल अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने शहर भर में 75 इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर और एसी यांत्रिकी की एक सूची तैयार की है। भाजपा चंडीगढ़ प्रैस कल्ब में आयोजित पत्रकारों के लिये कोरोना स्क्रिनिंग कैंप के दौरान सैनिटाइजर्स और मास्क प्रदान करवायेगी।
शुक्रवार से दुकानें प्रातः 10 से 2 बजे तक खुलेंगी
चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने गर्मी के मौसम को देखते हुए कर्फ्यू में दी जाने वाले ढील के समय में परिवर्तन किया है। सचिवालय के कोविड वार रूम में हुई आज की बैठक में निर्णय लिया कि आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए कर्फ्यू में छूट का समय बदला जाये। आगामी 24 अप्रैल से आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलने का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा जबकि पहले यह समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक है। प्रशासक ने एमजी वैक्सीन के परीक्षण के लिए देश के तीन प्रमुख संस्थानों में पीजीआई को शामिल किए जाने पर पीजीआईएमईआर को बधाई दी।
रेडक्रॉस फंड में 16 करोड़ रुपये की मदद
उपायुक्त मनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि कोरोना में राहत कार्य के लिए स्थानीय रेडक्रॉस फंड में कुल 16 करोड़ रुपये का योगदान प्राप्त हुआ है। बराड़ ने बताया कि किसानों से अब तक 2,300 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है।
मौली, मलोया में राशन लेने जमा हो गये हज़ारों लोग
चंडीगढ़ प्रशासन ने आज मलोया और मौली जागरां में राशन बांटने के लिए अपने वाहन तो भेजे पर वहां लोगों की भीड़ जमा होते देख इस कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा। राशन बांटने गये अधिकारी भी समझ नहीं पाये कि उनके पहुंचने से पहले ही सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाकर इतनी बड़ी तादाद में लोग कैसे जमा हो गये। कुछ दिन पहले यही स्थिति सेक्टर 45 के सामुदायिक केंद्र में भी हुई थी। वहां अतिरिक्त फोर्स बुलाकर लोगों को हटाया गया था। आज भी भीड़ वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों पर भारी पर रही थी। लोग कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे।

The post कच्ची काॅलोनी, सेक्टर 30बी ‘प्रभावित पाॅकेट’ घोषित appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2Y4icOR
via Latest News in Hindi

0 Comments