वीरेन्द्र प्रमोद/निस
लुधियाना, 5 अप्रैल
स्थानीय शिमलापुरी की 69- वर्षीय सुरेन्द्र कौर नामक एक महिला, जिसका गत दो अप्रैल को कोरोना का टेस्ट पाॅजिटिव पाया गया था, का आज यहां फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया है । यह लुधियाना शहर में कोरोना से हुई दूसरी मौत है । इससे पूर्व अमरपुरा मोहल्ला की 45-वर्षीय महिला पूजा कोरोना का शिकार हो चुकी है । वह मधुमेह और रक्तचाप से पीड़ित थी। इसी के साथ कोरोना वायरस ने पंजाब में 6 लोगों की जान ले ली। जिलाधीश प्रदीप अग्रवाल नें बताया कि सुरेन्द्र कौर के विदेश भ्रमण की कोई हिस्ट्री नहीं है लेकिन वह एक वोल्वो बस में अपने रिश्तेदारों से मिलने मोहाली गई थी और 17 मार्च को वहां से लौटी थी । कुछ दिन पूर्व ही उसका टेस्ट पॉजिटिव पाया गया था । फ्लू के लक्षणों के कारण उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था । उन्होंने बताया कि उसके सभी निकटवर्ती रिश्तेदारों को कोरंटाइन सेंटर भेज दिया गया है। मृतिका के परिवार के दो अन्य सदस्यों को भी फ्लू के लक्षण हैं। प्रशासन नें 17 मार्च को उसी बस में यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों को एडवाइजरी जारी की है कि वह कोरोना के अपने टेस्ट करवायें।
रेल कोच फैक्टरी ने किया वेंटीलेटर का निर्माण
कपूरथला (निस) : भारतीय रेलवे ने देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से लड़ने के लिए अपनी उत्पादन इकाइयों व वर्कशॉपों को एक बड़ा दायित्व सौंपा है। इसी संदर्भ में रेलवे बोर्ड नई दिल्ली से वेंटिलेटर बनाने की संभावना तलाशने के बारे में निर्देश प्राप्त करने के बाद रेल कोच फैक्टरी आरसीएफ ने एक प्रोटोटाइप वेंटिलेटर ‘जीवन’ का निर्माण किया है। यह वेंटीलेटर बहुत कम खर्च में तैयार होगा। रेडिका महाप्रबंधक रविन्द्र गुप्ता ने प्रोटोटाइप के डिजाइन, अवधारणा व अन्य पहलुओं पर टीम आरसीएफ के साथ काम शुरू किया और सिर्फ सात दिन के भीतर ही इसका निर्माण संभव किया। अब कोविड-19 के खिलाफ देश की लड़ाई में मदद करने के लिए उसके विस्तृत निर्माण से पहले इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) में अंतिम परीक्षण के लिए इसे भेजा जा रहा है।

डाक विभाग गांवों में बांटेगा डोर टू डोर पेंशन
होशियारपुर (निस) : जहां बैंकों की ओर से डोर टू डोर पेंशन वितरित की जा रही है, वहीं डाक विभाग की ओर से भी गांवों में घर-घर पेंशन वितरण शुरु कर दिया गया है। डिप्टी कमिश्नर अपनीत रियात ने बताया कि कर्फ्यू के दौरान जिले के बुढ़ापा व अन्य वित्तीय सहायता योजनाओं के लाभार्थियों को सुचारु ढंग से घर-घर ही पेंशन की सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि गांवों में डाक विभाग के 404 कर्मचारी सरपंचों के सहयोग से घर-घर पेंशन बांट रहे हैं।

होशियारपुर के एक गांव में रविवार को स्व-एकांतवास के लिए पंचायतों की ओर से रास्ते में की गयी बैरीकेडिंग। -निस

405 गांवों ने अपनाया स्व-एकांतवास
होशियारपुर (निस) : पंजाब सरकार की ओर से कोरोना वायरस के खिलाफ छेड़ी जंग के अंतर्गत प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों के अंतर्गत जिला प्रशासन की ओर से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के चलते जिले के 405 गांवों की ओर से पहलकदमी करते हुए स्व-एकांतवास को अपनाया गया है, जो कोरोना पर नकेल कसने के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। डिप्टी कमिश्नर अपनीत रियात ने बताया कि पंचायतों की ओर से दिए जा रहे सहयोग व पहलकदमी के चलते जिले के 405 गांवों की ओर से स्व-एकांतवास को अपनाना बेमिसाल है। उन्होंने बताया कि होशियारपुर ब्लाॅक-1 में 64 गांव, मुकेरियां के 65, दसूहा के 62, टांडा के 60, माहिलपुर के 40, गढ़शंकर के 40, भूंगा के 25, हाजीपुर के 23, होशियारपुर ब्लाॅक-2 के 22 व तलवाड़ा ब्लाॅक के तीन गांवों की ओर से अपने आप को सैल्फ क्वारंटाइन किया गया है। उन्होंने उक्त गांवों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बाकी पंचायतें भी अपने गांव को एकांतवास में रखने के लिए आगे आएं, ताकि एकजुटता से कोरोना के खिलाफ जंग जीती जा सके। उन्होंने बताया कि उक्त गांवों की पंचायतों की ओर से विशेष पहलकदमी करते हुए गांव के एंट्री प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इस दौरान लगातार फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है।

फर्जी काॅल करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
होशियारपुर (निस) : जिले के सब-डिवीजन दसूहा के अंतर्गत आते गांव भाना के निवासी सुरिंदर सिंह ने कंट्रोल रूम में फोन किया कि मैं और मेरा परिवार बहुत तकलीफ में है, मुझे तुरंत राशन भेजा जाये। जब एसडीएम दसूहा ज्योति बाला ने टीम को राशन सहित भेजा तो मंजर कुछ और ही था। दो मंजिला मकान में रहकर इस परिवार के पास राशन की कोई कमी नहीं थी व परिवार आर्थिक पक्ष से काफी ठीक नजर आया। एसडीएम ने बताया कि फर्जी काॅल करने वाले इस व्यक्ति के खिलाफ डीएसपी टांडा को तुरंत मामला दर्ज करवाने के लिए कह दिया गया है। उधर, डिप्टी कमिश्नर अपनीत रियात ने बताया कि ऐसी फर्जी काॅल करने वालों के खिलाफ अब तक आधा दर्जन के करीब मामले दर्ज करवाए गए हैं।

The post लुधियाना में कोरोना वायरस से बुजुर्ग की मौत appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2JE38yX
via Latest News in Hindi

0 Comments