सभी पत्रकारों और दूध बेचने वालों के होंगे टेस्ट
चंडीगढ़, 22 अप्रैल (ट्रिन्यू)
प्रदेश सरकार अगले सप्ताह से प्रदेश में कोरोना वार योद्धाओं के भी टेस्ट करवाने शुरू करेगी। केंद्र सरकार ने अभी रैपिड टेस्ट किट के इस्तेमाल पर रोक लगाई हुई है। यह रोक हटते ही मानेसर स्थित साउथ कोरिया की कंपनी में बनने वाली रैपिड टेस्ट किट से प्रदेश में तेजी से टेस्टिंग शुरू होगी। सरकार ने राज्य के सभी पत्रकारों और दूध बेचने वालों के भी टेस्ट करवाने का निर्णय लिया है।
महाराष्ट्र में बड़ी संख्या में पत्रकारों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद यह निर्णय लिया गया है। दिल्ली सरकार भी यह निर्णय कर चुकी है। गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार सभी पत्रकारों के टेस्ट करवाएगी। उन्होंने कहा कि चीन से खरीदी जाने वाली एक लाख से अधिक किट के ऑर्डर को सरकार रद्द कर चुकी है। मानेसर के आईटी पार्क स्थित साउथ कोरिया की कंपनी को किट बनाने के आर्डर दे दिए हैं।
विज ने कहा कि केंद्र सरकार ने दो दिन तक चीन की किट से टेस्ट न करने का फैसला लिया है, लेकिन हमारे पास चीन की किट आई ही नहीं। राज्य सरकार पे साउथ कोरिया की कंपनी की मानेसर स्थित फैक्टरी में किट की मंजूरी दी है। इस कंपनी द्वारा 25 हजार किट की सप्लाई की जा चुकी है, लेकिन एहतियातन दो दिन टेस्ट करने पर पाबंदी लगाई है। केंद्र के निर्देशों के बाद हरियाणा में टेस्टिंग शुरू होगी। उन्होंने कहा कि रैपिड टेस्ट किट से कोरोना संदिग्ध और कोरोना मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों के टेस्ट किए जाएंगे। इनमें हरियाणा पुलिस के जवानों के अलावा निकाय विभाग के कर्मचारी शामिल हैं। इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया के पत्रकारों व कैमरामैन के भी टेस्ट किए जाएंगे।
रिलीफ फंड में दिए 15 करोड़ रुपये
विज के पास शहरी स्थानीय निकाय मंत्रालय भी है। गुरुग्राम का शीतला माता मंदिर और पंचकूला का मनसा देवी मंदिर के श्राइन बोर्ड भी विज के अधीन आते हैं। मनसा देवी ट्रस्ट की ओर से 10 करोड़ और शीतला माता ट्रस्ट की ओर से 5 करोड़ रुपये का चेक विज ने कोरोना रिलीफ फंड में दिए। विज ने बुधवार को चंडीगढ़ में सीएम आवास पहुंच कर सीएम मनोहर लाल खट्टर को चेक सौंपे।
The post सभी पत्रकारों और दूध बेचने वालों के होंगे टेस्ट appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2Kr39qj
via Latest News in Hindi
0 Comments