शिमला में 7 मरीजों की रिपोर्ट पाॅिजटिव
शिमला में रविवार रात को कोरोना मरीजों की पुष्िट के बाद अस्पताल क्षेत्र को सेनेटाइज करते निगम कर्मचारी। -अमित कंवर
ज्ञान ठाकुर/निस
शिमला, 5 अप्रैल।
कोरोना महामारी हिमाचल प्रदेश में लगातार पैर पसार रही है। बीती रात आईजीएमसी शिमला में टेस्ट के लिए आए खून के 55 नमूनों में से 7 में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित रोगियों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। इनमें से दो की मौत हो चुकी है जबकि दो अन्य ठीक होकर अस्पताल से घर जा चुके हैं। शेष दस में से 4 मरीज प्रदेश से बाहर निजी अस्पतालों में उपचाराधीन हैं जबकि तीन रोगियों का टांडा और तीन का आईजीएमसी शिमला में उपचार चल रहा है।
प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने बताया कि बीती रात कोरोना पॉजिटिव पाए गए सभी सातों लोग सोलन जिला से संबंधित हैं। इनमें से तीन लोग जोकि नालागढ़ कस्बे से संबंधित हैं, वह दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तबलीगी जमात मरकज से होकर लौटे हैं। जबकि शेष चार मरीज बद्दी के उस महिला के संपर्क में थे, जिसकी कोरोना से दो दिन पहले पीजीआई में मौत हो गई थी।
नालागढ़ में जिन तीन रोगियों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, उन्हें आज सुबह साढ़े छह बजे आईजीएमसी शिमला में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा़ॅ जनकराज ने कहा कि तीनों मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है और ये तीनों तबलीगी जमात से संबंधित हैं।
मंडी में एक्टिव केस फाइडिंग अभियान जारी
मंडी (निस) : मंडी जिला में स्वास्थ्य विभाग की 129 टीमें द्वारा एक्टिव केस फाइडिंग अभियान शुरू हो गया। यहां घर-घर जाकर कोरोना के लक्षणों की जांच 7 अप्रैल तक जारी रहेगी। स्वास्थ्य विभाग की टीमें कोविड-19 को लेकर एक ऑनलाइन फार्म भर रही हैं। इस ऑनलाइन फार्म में पूरी जानकारी जुटाई जा रही है कि घर में कितने सदस्य हैं, उनकी उम्र कितनी है, किसी को कोई रोग तो नहीं है, किसी को सांस लेने मे तकलीफ तो नहीं हो रही है या फिर घर के किसी सदस्य में कोरोना के कोई लक्षण तो नहीं हैं।
मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 1.97 करोड़ का चेक
शिमला (निस) : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को आज हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अध्यक्ष राम सुभग सिंह ने बोर्ड के अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ओर से 1.97 करोड़ रुपये का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए भेंट किया। उधर, कोरोना से लड़ाई के लिए इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी बाथू जिला ऊना के स्टाफ की ओर से एक लाख रुपए का योगदान कोष में दिया है। यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. सुब्रमनियम अय्यर ने एक लाख का चेक मंत्री वीरेंद्र कंवर को सौंपा। इसके अलावा मलांगड़ निवासी बलबीर सिंह ने 21 हजार रुपए की सहायता मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए।
7 वर्षीय आण्विक ने डीसी को सौंपे 2510 रुपये : बसाल निवासी 7 वर्षीय बालक आण्विक शर्मा ने अपने जेब खर्च से बचाकर रखे 2510 रुपए उपायुक्त ऊना संदीप कुमार को कोरोना राहत कोष में प्रदान किए। आण्विक ने कोरोना के खिलाफ चल रही जंग में लोगों द्वारा दिल खोल कर दिए जा रहे दान से प्रभावित होकर अपने माता-पिता से भी कुछ दान देने की इच्छा जताई।
कर्फ्यू और लॉकडाउन की स्थिति पर चर्चा
शिमला (निस) : हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिन्दल ने कहा है कि आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग पर संवाद के दौरान कर्फ्यू और लॉकडाउन की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि इस वीडियो कांफ्रेंस में सरकार और संगठन द्वारा कोरोना महामारी से निपटने के लिए बेहतर तालमेल के साथ प्रयासों को अधिक सघन बनाने पर चर्चा हुई। बिन्दल ने कहा कि सरकार और संगठन के बेहतर तालतमेल का परिणाम है कि आज हिमाचल में कोरोना के कारण चल रहे कर्फ्यू और लॉकडाउन में आमजन का सकारात्मक सहयोग मिल रहा है और जनता की समस्याएं मुख्यमंत्री तक सीधे पहुंच रही है।
अस्पताल से लेकर सड़कों तक की धुलाई
आईजीएमसी शिमला में आज सुबह कोरोना के तीन मरीज भर्ती किए जाने के बाद अस्पताल प्रशासन ने उन रास्तों की पानी से सफाई कराई जहां-जहां से ये रोगी गुजरे थे। इस कार्य में फायर ब्रिगेड के फायर टेंडरों की मदद ली गई। अस्पताल के जिन डाक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ को इन कोरोना रोगियों के उपचार में लगाया गया है, उन्हें भी आईसोलेशन में रखा जा रहा है।
कोरोना ने बढ़ाई बागवानों की मुश्किलें
शिमला (निस) : कोरोना वायरस के खौफ के बीच लागू कर्फ्यू व लॉकडाउन ने चेरी बागवानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पैदा होने वाली चेरी इस माह के अंत तक पक कर तैयार होगी, मगर लॉकडाउन के बीच वाहनों की आवाजाही ठप होने से बागवानों को चेरी की पैकिंग के लिए डिब्बे न मिलने से वे परेशान हैं। बागवानों की दिक्कतों को देखते हुए कांग्रेस ने चेरी को मंडी मध्यस्थता योजना अर्थात एमआईएस में शामिल कर इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करने की मांग की है।
नालागढ़ की 22 पंचायतों को किया सील
बीबीएन (निस) : जिला दंडाधिकारी सोलन केसी चमन ने कोरोना वायरस के खतरे के दृष्टिगत सोलन जिला के नालागढ़ उपमंडल में संक्रमित रोगियों के मामले आने के उपरांत दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा
144 के तहत पूर्व में जारी आदेशों में संशोधन किया है। इन आदेशों के अनुसार नालागढ़ उपमंडल में नगर परिषद नालागढ़ के अधीन आने वाले पूरा क्षेत्र तथा उपमंडल की 22 ग्राम पंचायतों को पूरी तरह सील कर दिया गया है। आदेशों के अनुसार उक्त क्षेत्रों में सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वाहनों के अतिरिक्त अन्य किसी व्यक्ति एवं वाहन को आने-जाने की अनुमति नहीं होगी। इस क्षेत्र में सभी आवश्यक एवं अन्य वस्तुओं, दवा उत्पादों का उत्पादन करने वाले उद्योगों के कामगार एवं कर्मचारी अनुमति युक्त वाहनों में निर्धारित समय प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक तथा सायं 6 बजे से 8 बजे तक आ-जा सकेंगे। किसी भी कामगार एवं कर्मचारी को पैदल आने-जाने की अनुमति नहीं होगी।
जमातियों की पुष्टि के बाद ऊना में फ्लैग मार्च
शिमला (निस) : ऊना जिला में कुछ रोज पूर्व तीन तबलीगी जमातियों में कोरोना की पुष्टि होने के बाद पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। ऊना शहर में कर्फ्यू में ढील के दौरान लोगों की बाजारों में आवाजाही कम करने के लिए पुलिस ने आज शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च किया और लोगों को घरों के भीतर ही बने रहने की अपील की ताकि कोरोना के संक्रमण के फैलने की संभावना को खत्म किया जा सके। पुलिस ने कर्फ्यू के दौरान लोगों से सामाजिक दूरी बनाए रखने की भी अपील की।
ऊना से टांडा में आये 3 कोरोना मरीज उपचाराधीन
धर्मशाला (निस) : टांडा मेडिकल काॅलेज में ऊना से आए तीनों मरीज उपचाराधीन हैं। इसके अलावा टांडा में पहले से दाखिल महिला की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी, लेकिन अधिकारियों का मानना है कि इसकी दोबारा जांच की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। दूसरी रिपोर्ट के नेगेटिव होने पर ही घर भेजा जाएगा। इसी बीच आज कांगड़ा व कुछ अन्य जिलों के 30 नये सैंपल व 3 सैंपल रिपीट कर कुल 33 सैंपल जांच के लिए लगाए गए हैं।
स्टीलबर्ड प्रबंधकों के खिलाफ मामला दर्ज
बीबीएन (निस) : औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के तहत झाड़माजरी स्थित स्टीलबर्ड कंपनी प्रबंधकों पर सरकार के आदेशों की अवहेलना करने मामला दर्ज किया गया है। बरोटीवाला थाना में दर्ज हुए मामले के तहत सूचना मिली है कि स्टीलबर्ड कंपनी का प्रबंधन वर्ग अपनी कंपनी में कोरोना प्रभावित बनाए गए क्वारंटाइन में रखे कामगारों को अवैध व गोपनीय तरीके से बाहर पैदल व वाहन द्वारा निकाल रहे हैं। एसपी रोहित मालपानी ने कहा कि सरकार के आदेशों की अवमानना करने पर कंपनी पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाने के निर्देश
शिमला (निस) : हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस के दृष्टिगत लॉकडाउन के दौरान लोगों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाने के विशेष प्रबंध करके ऐसी समस्या का सामना कर रहे लोगों को यह सुविधा उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यक दवाइयां प्राप्त करने में समस्या का सामना कर रहे व्यक्ति प्रदेश के अन्य भागों अथवा प्रदेश के बाहर उपलब्ध दवाइयों की मांग हेल्पलाइन नंबर 0177-2626076 और 0177-2626077 अथवा टोल फ्री नंबर 1070 पर दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति को दवाइयां निकटतम दवाइयों की दुकान पर उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
The post शिमला में 7 मरीजों की रिपोर्ट पाॅिजटिव appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2JGzSYb
via Latest News in Hindi
0 Comments