सुप्रीम कोर्ट में ऑनलाइन 593 केसों की सुनवाई
नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (एजेंसी)
लॉकडाउन के दौरान एक महीने में सुप्रीम कोर्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से 593 मामलों की सुनवाई की और इनमें से 215 में फैसला सुनाया। शीर्ष अदालत ने कोरोना के मद्देनजर 23 मार्च को याचिकाकर्ताओं और वकीलों के लिये अपने दरवाजे बंद कर दिये थे, लेकिन ऑनलाइन माध्यम से मामलों की सुनवाई का नया रास्ता खोला। हालांकि, इस दौरान उसने अपनी पूर्ण क्षमता के साथ मामलों की सुनवाई नहीं की। आम दिनों में शीर्ष अदालत एक महीने में औसतन करीब 3500 मामलों का निपटारा करती है। बंद के दौरान अदालत की दो से तीन पीठ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के से अत्यावश्यक मामलों की सुनवाई कर रही है। आम दिनों में अदालत की 16 पीठ सुनवाई करती हैं। अदालत द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक, 23 मार्च से 24 अप्रैल के बीच 17 कार्यदिवस में कुल 87 पीठों ने 593 मामलों की सुनवाई की। देशव्यापी बंद 25 मार्च से शुरू हुआ था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने एक परिपत्र जारी कर 23 मार्च को ही वकीलों और याचिकाकर्ताओं के अदालत परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी थी। केंद्र सरकार ने बंद की अवधि तीन मई तक बढ़ा दी है। शीर्ष अदालत के आंकड़ों के मुताबिक, 24 अप्रैल तक 84 पुनर्विचार याचिकाओं को निस्तारित किया गया।
The post सुप्रीम कोर्ट में ऑनलाइन 593 केसों की सुनवाई appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3aFIKs7
via Latest News in Hindi
0 Comments