नयी दिल्ली में सोमवार को विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बातचीत करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। – प्रेट्र

हरीश लखेड़ा/ ट्रिन्यू
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल
कोरोना वायरस से जंग के चलते 3 मई के बाद भी हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लॉकडाउन-3 के लिए तैयार रहना होगा। कोरोना के ग्रीन क्षेत्रों में ही कुछ शर्तों के साथ लॉकडाउन में ढील मिल सकती है। यह बात तय है कि देश के किसी भी क्षेत्र में लॉकडाउन से अभी पूरी तरह अचानक छूट नहीं मिलने जा रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सोमवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों की कोरोना संकट पर वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग बैठक में इसी बात के संकेत मिले। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि लॉकडाउन में अचानक ढील नहीं दी जाए। कई मुख्यमंत्रियों ने लॉकडाउन को 3 मई से आगे भी जारी रखने की राय दी, जबकि कई राज्यों ने ग्रीन जोन में लॉकडाउन में छूट देने की वकालत की। ऐसे में कोरोना के हॉटस्पॉट यानी रेड जोन क्षेत्रों में लॉकडाउन बढ़ाया जाना लगभग तय है। प्रधानमंत्री इसी सप्ताह देश के नाम अपने संबोधन में सरकार की अगली रणनीति का खुलासा कर सकते हैं।
लोगों की परेशानी को देखते हुए केंद्र सरकार लॉकडाउन से बाहर निकलने का ब्लू प्रिंट तैयार करने में जुटी है। इसे अंतिम रूप देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ चौथी वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग बैठक में लॉकडाउन-2 से बाहर निकलने को लेकर विचार-विमर्श किया। प्रधानमंत्री ने रेड जोन क्षेत्रों में लॉकडाउन से संबंधित दिशा-निर्देशों को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्यों को ‘रेड जोन’ को पहले ‘ऑरेंज जोन’ में और फिर ‘ग्रीन जोन’ में बदलने की दिशा में अपने प्रयासों को केंद्रित करना चाहिए। इससे साफ संकेत दिया गया है कि राज्य को ‘ग्रीन जोन’ में बदलने पर ही लॉकडाउन से ढील मिल सकती है।
कोरोना के साथ अर्थव्यवस्था पर भी ध्यान : प्रधानमंत्री ने ‘दो गज दूरी’ का मंत्र दोहराते हुए कहा कि मास्क और फेस कवर आने वाले दिनों में हमारे जीवन का हिस्सा बन जाएंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, क्योंकि देश पिछले डेढ़ महीने में हजारों लोगों की जान बचाने में कामयाब रहा है। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि आगे भी निरंतर सतर्क रहने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने अब तक दो लॉकडाउन देखे हैं, दोनों ही कुछ पहलुओं में एक-दूसरे से भिन्न हैं, और अब हमें आगे की राह के बारे में सोचना होगा। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के अनुसार, कोरोना वायरस का प्रभाव आने वाले महीनों में भी दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि हमें अर्थव्यवस्था को विशेष महत्व देना होगा और इसके साथ ही कोरोना के खिलाफ लड़ाई जारी रखनी होगी। उन्होंने प्रौद्योगिकी का अधिक से अधिक उपयोग करने और सुधार लाने वाले उपाय अपनाने में समय का सदुपयोग करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि विश्वविद्यालयों से जुड़े लोगों को महामारी से लड़ने के तरीके विकसित करने और अनुसंधान के लिए एकीकृत किया जा सकता है।
10 राज्य पाबंदियां जारी रखने के पक्ष में : लगभग 3 घंटे तक चली बैठक में दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात समेत लगभग 10 राज्य लॉकडाउन आगे बढ़ाने के पक्ष में थे। तेलंगाना ने पहले ही 7 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान कर रखा है। ओडिशा एक महीना और लॉकडाउन बढ़ाने के पक्ष में है, जबकि बिहार ने मामला प्रधानमंत्री पर छोड़ दिया। अन्य राज्यों ने भी सिर्फ ग्रीन क्षेत्रों में ही लॉकडाउन से ढील देने की वकालत की। मुख्यमंत्रियों के विचार जानने के बाद अब सरकार अगले दो-तीन दिनों में लॉकडाउन से बाहर आने को लेकर ब्लू प्रिंट तैयार कर लेगी। प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ मिलकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण आदि मंत्री इसे तैयार करने में जुटे हैं।

The post ढील के साथ लॉकडाउन-3 की तैयारी appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3cXsF2r
via Latest News in Hindi

0 Comments