नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (एजेंसी)
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले 28,380 हो गये हैं। इनमें से 6361 यानी करीब 22 फीसदी स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, मरने वालों की संख्या 886 तक पहुंच गयी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि 25 राज्यों के 85 जिलों में पिछले 14 दिनों से कोरोना का एक भी मरीज नहीं मिला है। वहीं, 16 जिलों में पिछले 28 दिनों से संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि 24 अप्रैल के बाद इस फेहरिस्त में 3 जिले- महाराष्ट्र का गोंदिया, कर्नाटक का दावनगिरि और बिहार का लखीसराय जुड़े हैं। वहीं, दो जिले (पंजाब में एसबीएस और उत्तर प्रदेश में पीलीभीत) संक्रमण के नये मामले मिलने के कारण इस सूची से हट गये हैं।
किसी समुदाय को न ठहरायें दोषी : अग्रवाल ने कहा कि कोरोना को रोकने के अभियान में लगे स्वास्थ्य कर्मियों और संक्रमित मरीजों के साथ भेदभाव की घटनाओं पर मंत्रालय ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस का संक्रमण किसी के लिए कलंक नहीं है, हमारी लड़ाई बीमारी के खिलाफ है, बीमारों के खिलाफ नहीं। अग्रवाल ने मंत्रालय की ओर से देशवासियों से अपील करते हुए कहा, ‘किसी भी समुदाय या क्षेत्र को संक्रमण फैलने के लिए दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए, स्वास्थ्य कर्मियों और सफाई कर्मियों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
चीन की 2 कंपनियों काे लौटाई जाएंगी जांच किट
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने राज्यों से चीन की 2 कंपनियों की कोरोना रैपिड एंटीबॉडी जांच किट का इस्तेमाल रोकने और उन्हें लौटाने को कहा है। ये जांच किट कंपनियों को वापस भेजी जाएंगी। सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को सोमवार को भेजे परामर्श में आईसीएमआर ने कहा कि उसने ‘ग्वांगझोऊ वोंदफो बायोटेक और झुहाई लिवसन डायग्नोस्टिक्स की किटों का क्षेत्रीय परिस्थितियों में मूल्यांकन किया। परिणामों में उनकी सूक्ष्म ग्राह्यता में काफी अंतर आया है।’ वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि आईसीएमआर ने इन किट के लिए अब तक कोई भुगतान नहीं किया है। भारत सरकार का एक भी रुपया नहीं जाएगा।’
मुनाफाखोरों पर कड़ी कार्रवाई करें : राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोरोना जांच के लिए चीन से आयातित किट पर ‘मुनाफाखोरी’ के दावे वाली खबरों को लेकर कहा कि ‘अनुचित मुनाफा’ कमाने वालों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने एक खबर का हवाला देते हुए सोमवार को ट्वीट किया, ‘जब समूचा देश कोविड-19 आपदा से लड़ रहा है, तब भी कुछ लोग अनुचित मुनाफा कमाने से नहीं चूकते। इस भ्रष्ट मानसिकता पर शर्म आती है, घिन आती है। हम प्रधानमंत्री से मांग करते हैं कि इन मुनाफाखोरों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।’ उन्होंने जिस खबर का हवाला दिया उसके मुताबिक किट की आयात लागत 245 रुपये है, आईसीएमआर को इसे 600 रुपये में बेचा गया।

The post 85 जिलों में 14 दिन से एक भी मरीज नहीं appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3bEi9Nv
via Latest News in Hindi

0 Comments