चंडीगढ़ में बुधवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये सर्वदलीय बैठक करते सीएम मनोहर लाल खट्टर, डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला।

चंडीगढ़, 8 अप्रैल (ट्रिन्यू)
हरियाणा सरकार की वित्तीय स्थिति लगातार गड़बड़ा रही है। केंद्र की तर्ज पर अब प्रदेश सरकार ने सभी विधायकों के वेतन में एक साल तक 30 प्रतिशत की कटौती का फैसला लिया है। इतना ही नहीं, पूर्व विधायकों की पेंशन भी काटी जाएगी। विधायकों को हर साल हलकों में विकास कार्यों के लिए मिलने वाले 5-5 करोड़ रुपये पर भी रोक लगा दी है। अब यह पैसा कोरोना रिलीफ फंड में खर्च होगा। बुधवार को चंडीगढ़ में सीएम मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। सीएम के साथ बैठक में डिप्टी सीएम और जजपा नेता दुष्यंत सिंह चौटाला व कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। गृह मंत्री अनिल विज, पूर्व सीएम व विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला, निर्दलीयों की ओर से बिजली मंत्री चौ़ रणजीत सिंह, हलोपा अध्यक्ष व सिरसा विधायक गोपाल कांडा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा, जजपा प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह व इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक में शामिल हुए।
कोरोना की वजह से प्रदेश में बिगड़ वित्तीय हालात पर सभी दल एकजुट नजर आए। केंद्र सरकार ने जिस तरह से सभी लोकसभा व राज्यसभा सांसदों के वेतन से अगले एक वर्ष तक तीस प्रतिशत कटौती का फैसला लिया है। उसी तर्ज पर हरियाणा के सभी मंत्रियों व विधायकों के वेतन से एक साल के लिए 30 प्रतिशत कटौती पर सहमति बनी है। पूर्व विधायकों के वेतन में कटौती पर भी बैठक में सहमति बनी, लेकिन यह फैसला सभी दलों पर छोड़ा गया है कि वे अपने पूर्व विधायकों से इस मुद्दे पर चर्चा करें।
मोटे तौर पर पूर्व विधायक भी एक-एक महीने की पेंशन कोरोना रिलीफ फंड में देंगे। चूंकि इनेलो के सभी पूर्व विधायक सर्वसम्मति से यह निर्णय ले चुके हैं। हालांकि, गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का कहना है कि पूर्व विधायकों की पेंशन में एक वर्ष तक कटौती की चर्चा हुई है।

सभी ने किया सहयोग का वादा
राज्यपाल, मुख्यमंत्री, स्पीकर सहित सभी मंत्रियों के स्वैच्छिक कोटे से 51 करोड़ रुपये कोरोना रिलीफ फंड में देने का निर्णय सरकार पहले ही कर चुकी है। बैठक में सभी राजनीतिक दलों से भी आह्वान किया गया कि वे अपनी-अपनी क्षमता अनुसार आर्थिक सहयोग करें। गौरतलब है कि भाजपा एक करोड़ रुपये और गठबंधन सहयोगी जजपा 51 लाख रुपये सीएम रिलीफ फंड में पहले ही जमा करवा चुकी है। इनेलो द्वारा भी अपने नेताओं व वर्करों के अलावा प्रदेश के आम लोगों से कोरोना रिलीफ फंड के लिए चंदा इकट्ठा किया जा रहा है। इनेलो ने इसके लिए बैंक खाता भी खुलवाया है। यह पैसा एक साथ पार्टी इस फंड जमा कराएगी।
पूर्व सीएम ओपी चौटाला ने दी एक माह की पेंशन
कोरोना से बने वित्तीय संकट को देखते हुए इनेलो सुप्रीमो व पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला ने अपनी एक माह की पेंशन कोरोना रिलीफ फंड में देने का ऐलान किया है। उधर, ऐलनाबाद विधायक व इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला एक साल की पूरी सेलरी देंगे। यही नहीं वे अपने निजी कोष से 5 लाख रुपये
फंड में दे चुके हैं। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने बुधवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता वाली सर्वदलीय बैठक में कहा कि इनेलो के सभी पूर्व विधायक एक-एक माह की पेंशन रिलीफ फंड में देंगे।

The post विधायकों के वेतन में एक साल तक होगी 30 फीसदी कटौती appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3e8GmgE
via Latest News in Hindi

0 Comments