अब जमाती पकड़े गए तो दर्ज होगा हत्या के प्रयास का केस
कैथल की महादेव कालोनी के मदरसे में मिले कोरोना पॉजिटिव बच्चे को ले जाती स्वास्थ्य विभाग की टीम। बच्चा दिल्ली के मरकज से लौटा था। -हप्र
चंडीगढ़, 8 अप्रैल/ट्रिन्यू
हरियाणा में आए मरकज के उन तबलीगी जमातियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं, जो अब भी छुपे हुए हैं। सरकार ने नयी दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकज के अलावा अन्य प्रदेशों से हरियाणा में आने वाले तबलीगी जमातियों को बुधवार की शाम 5 बजे तक खुद ही सामने आने का समय दिया था। यह समय गुजरने के बाद अब सरकार ने खुफिया रिपोर्ट व स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर छुपे बैठे तबलीगियों का पता लगाने के आदेश दिए हैं।
गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने दो-टूक कहा कि अब जिनते भी तबलीगी जमाती पकड़े जाएंगे, उन सभी के खिलाफ अटेंप्ट-टू-मर्डर यानी हत्या की कोशिश करने की धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा पकड़े जाने वाले सभी जमातियों का कोरोना टेस्ट करवाया जाएगा। जितने भी तबलीगी पॉजिटिव मिलेंगे, उन सभी पर धारा 307 के तहत कार्रवाई की जाएगी। नेगेटिव मिलने वालों के खिलाफ लगाई गई धारा को हटा दिया जाएगा।
विज ने कहा कि प्रदेश में किसी को भी समाज का माहौल बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। विज ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी है और पूरी दुनिया इससे त्रस्त है। हजारों लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों संक्रमित हैं। बड़ी संख्या में तबलीगी जमातियों को काबू किया जा चुका है, जो अब भी छुपे बैठे हैं और सामने नहीं आ रहे हैं। ऐसे लोगों को समाज का दुश्मन ही कहा जाएगा। कुछ लोगों को पूरे प्रदेश के लोगों की जिंदगी दाव पर लगाने की छूट नहीं दी जा सकती। अब पकड़े जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी तय है।
यहां बता दें कि प्रदेश में 1526 जमाती मंगलवार तक आ चुके थे। पिछले 24 घंटे में इनकी संख्या बढ़कर 1557 हो गई है। दरअसल, सरकार की सख्ती और जमातियों की वजह से प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव केस बढ़ने के बाद आम लोगों ने भी इन पर नजर रखनी शुरू कर दी है। जिस भी गांव, मोहल्ले या गली में तबलीगी के होने की भनक लगती है, लोग तुरंत पुलिस को सूचित करते हैं। विज ने कहा कि तबलीगियों को अपने घरों में छुपाने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होगी।
107 को किया आइसोलेट
स्वास्थ्य विभाग ने अब तक सामने आए 1557 में से अधिकांश जमातियों के सैंपल लिए हैं। इनमें से 107 को आइसोलेट किया गया है, जबकि बाकी को क्वारंटाइन किया है। इनकी जांच रिपोर्ट दो से 3 दिन में आने की उम्मीद है। प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव जमातियों का आंकड़ा 90 को पार कर चुका है। सही तस्वीर इस सप्ताह के आखिर तक स्पष्ट होगी कि प्रदेश में कुल कितने जमाती कोरोना पॉजिटिव हैं। इसके बाद सरकार की असल परीक्षा शुरू होगी। सरकार को उन लोगों का पता लगाना होगा जो इन जमातियों के संपर्क में आए हैं।
पूरी जमात को ब्लैक लिस्ट नहीं कर सकते : विज
गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि कुछ लोगों की वजह से हम पूरी जमात को ब्लैक लिस्ट नहीं कर सकते। सरकार के बार-बार के आग्रह के बाद भी जो लोग सामने नहीं आए हैं, उन पर धारा 307 के तहत केस दर्ज होगा। जिनकी रिपोर्ट पॉजिटव आएगी, उनकी पर यह धारा लगेगी। इस तरह की कोई रिपोर्ट नहीं है कि प्रदेश में कुल कितने जमाती आए हैं। वर्तमान में 1557 का पता लगाया जा चुका है।
The post अब जमाती पकड़े गए तो दर्ज होगा हत्या के प्रयास का केस appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/39RKcan
via Latest News in Hindi
0 Comments