नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (एजेंसी)
सुनील गावस्कर ने कहा है कि देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले थमने की स्थिति में भारत आस्ट्रेलिया के साथ टी20 विश्व कप की अदला बदली कर सकता है और 2021 की जगह इस साल इस टूर्नामेंट का आयोजन कर सकता है। कोरोना के कारण दुनिया भर में खेल प्रतियोगितांए ठप्प पड़ी हैं और इससे आस्ट्रेलिया में 18 अक्तूबर से 15 नवंबर तक होने वाले 2020 टी20 विश्व कप पर भी संशय के बादल छा गए हैं। भारत को 2021 में टी20 विश्व कप की मेजबानी करनी है। गावस्कर ने कहा, ‘जैसा कि हम सभी को पता है आस्ट्रेलिया ने 30 सितंबर तक देश में विदेशियों के प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया है। टूर्नामेंट अक्तूबर के मध्य में शुरू होगा इसलिए फिलहाल इसका आयोजन मुश्किल लगता है।’ उन्होंने कहा, ‘अगले साल टी20 विश्व कप भारत में होना है। अगर भारत और आस्ट्रेलिया समझौता करते हैं और भारत में कोरोना मामलों की संख्या थम जाती है तो वे टूर्नामेंट की अदला-बदली कर सकते हैं। यह भारत में इस साल अक्तूबर-नवंबर में हो सकता है और आस्ट्रेलिया में अगले साल लगभग इसी समय।’

The post भारत, आस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप की हो अदला-बदली appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2VtvXop
via Latest News in Hindi

0 Comments