मध्य प्रदेश : कमलनाथ की परीक्षा आज
सुरक्षा सख्त : भोपाल में रविवार को मध्य प्रदेश विधानसभा के बाहर सिक्योरिटी में तैनात कर्मचारी। – प्रेट्र
भोपाल, 15 मार्च (एजेंसी)
मध्यप्रदेश में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल के बीच राज्यपाल लालजी टंडन ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को सोमवार को राज्यपाल के अभिभाषण के तत्काल बाद विश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल ने पत्र भेजकर शनिवार आधी रात को कमलनाथ को ये निर्देश दिए। टंडन के निर्देश के अनुसार विधानसभा का सत्र सुबह 11 बजे शुरू होगा और राज्यपाल के अभिभाषण के तत्काल बाद एकमात्र कार्य विश्वास प्रस्ताव पर मतदान होगा। उन्होंने कहा है कि विश्वासमत की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
राज्यपाल ने कहा कि मुझे सूचना मिली है कि मध्यप्रदेश विधानसभा के 22 विधायकों ने त्यागपत्र विधानसभा अध्यक्ष को भेजे हैं। मुझे भी इन विधायकों ने अलग-अलग त्यागपत्र 10 मार्च को भेजे हैं। राज्यपाल ने अपने निर्देश में कहा, ‘मुझे प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि आपकी सरकार ने सदन का विश्वास खो दिया है और आपकी सरकार अल्पमत में है। यह स्थिति अत्यंत गंभीर है। इसलिए संवैधानिक रूप से अनिवार्य एवं प्रजातांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आवश्यक हो गया है कि 16 मार्च को मेरे अभिभाषण के तत्काल बाद आप विधानसभा में विश्वासमत हासिल करें।’ गौरतलब है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये थे। उनके साथ ही 6 मंत्रियों सहित 22 कांग्रेस विधायकों ने भी इस्तीफा दे दिया था। इन 22 विधायकों में से 19 बेंगलुरू के एक रिसॉर्ट में है, जबकि 3 विधायकों का अब तक कोई पता-ठिकाना नहीं है। इससे प्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार गिरने के कगार पर पहुंच गई है।
…तो हाथ उठाकर मत विभाजन कराया जाए : भाजपा
भाजपा नेताओं ने राज्यपाल लालजी टंडन से मुलाकात कर मांग की कि विधानसभा में इलेक्ट्रानिक वोटिंग प्रणाली काम नहीं करने की स्थिति में शक्ति परीक्षण के दौरान मत विभाजन विधायकों का हाथ उठाकर कराने की व्यवस्था की जाए।
सिंधिया खेमे के 16 बागियों ने फिर भेजा इस्तीफा
बेंगलुरु में ठहरे सिंधिया खेमे के मध्यप्रदेश कांग्रेस के 16 बागी विधायकों ने रविवार को विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति को अपना त्यागपत्र फिर से भेजा है। इसमें कहा गया है कि जिस प्रकार शनिवार को इनके छह विधायक साथियों के त्यागपत्र मंजूर किए गए हैं, उसी प्रकार ये इस्तीफे भी मंजूर किए जाएं। मालूम हो कि इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष ने छह विधायकों के त्यागपत्र शनिवार शाम को मंजूर कर लिए थे। सिंधिया खेमे के ये छह विधायक कमलनाथ मंत्रिमंडल में मंत्री भी थे।
The post मध्य प्रदेश : कमलनाथ की परीक्षा आज appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2U9V1is
via Latest News in Hindi
0 Comments