शिमला, 28 मार्च (निस)
शिमला, 28 मार्च (निस)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने कोरोना महामारी से निपटने के लिए एचडीएफसी बैंक की छोटा शिमला स्थित शाखा में एक नया बैंक खाता संख्याः 50100340267282, आईएफएससी संख्याः एचडीएफसी 0004116 खोला है। कोरोना वायरस के प्रभावितों की सहायता के लिए जो भी व्यक्ति अंशदान करना चाहते हैं वो इस खाते में दान कर सकते हैं। प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने आज शिमला में बताया कि इस राशि से कोविड-19 से निपटने के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और अन्य संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण सुनिश्चित किए जाएंगे। दानकर्ता ऑनलाइन लिंक हिमाचल डॉट निक डॉट इन पर भी दान कर सकते हैं। वहीं ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज जिला ऊना के झलेड़ा, धमांदरी व टक्का में 140 परिवारों को निशुल्क राशन वितरित किया।
आईएचबीटी ने तैयार किये सेनेटाइजर : राजस्व एवं आपदा प्रबन्धन समिति और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव डीसी राणा ने आज शिमला में सीएसआईआर- इस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन बायोरिसोर्स टैक्नोलॉजी (आईएचबीटी), पालमपुर के निदेशक संजय कुमार की ओर से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को संस्थान द्वारा तैयार किया गया एल्कोहल आधारित हैंड सेनेटाईजर भेंट किया गया। मुख्यमंत्री के ओएसडी महेन्द्र धर्माणी और प्रधान निजी सचिव विनय सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
बेसहारा की मदद करेगा शिमला प्रेस क्लब : प्रेस क्लब शिमला के अध्यक्ष अनिल भारद्वाज ने आज कहा कि शहर व आसपास के इलाके में बेसहारा लोगों को चिन्हित कर प्रेस क्लब उन तक राशन व आवश्यक सामान पहुंचाया जाएगा।
एएसआई ने बांटा लंगर : ट्रैफिक एजुकेशन सैल के इंचार्ज एएसआई गुरबचन सिंह ने शहर में सर्वे कर शालीमार बाग, लक्ष्मी नगर और कांजली रोड पर बनी झुग्गी-झोपड़ी के गरीब परिवारों में लंगर बांटा। वे संस्था मन प्रतिमा सीनियर होम गांव बडियाल के सदस्यों के साथ लंगर बांट रहे हैं। ढिलवां पुलिस ने 40 परिवारों को राशन और लंगर बांटा।
सब्जी बेचने वाले वाहनों पर रेट लिस्ट
बठिंडा (निस) : बठिंडा के विधायक व पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के निर्देश पर फल व सब्जी बेचने वाले वाहनों पर रेट लिस्ट लगाई गई है ताकि लोगों को सही रेट पर सब्जियां व फल मिल सकें। आज सुबह कांग्रेसी नेता जैजीत सिंह जौहल ने मार्केट कमेटी अधिकारियों को यह बात यकीनी बनाने को कहा। किसी को इस सम्बंधी किसी को कठिनाई पेश आती है तो वह बठिंडा में 9338100007 पर सम्पर्क कर सकता है।
मंत्री गुरप्रीत कांगड़ ने राशन किया वितरित : केबिनेट मंत्री पंजाब गुरप्रीत सिंह कांगड़ ने आज गांव भगता में 500 लोगों को राशन वितरित किया। उन्होंने पंचायतों को निर्देश दिया कि वह गांवों में जरूरतमंद लोगों की सूचियां तैयार करें।
समाजसेवी संस्थाओं पर दर्ज केस हों रद्द’ : भाजपा पंजाब के प्रदेश सचिव सुखपाल सिंह सरा ने रोष जताया है कि लंगर आदि सेवा प्रदान कर रही समाजसेवी संस्थायों पर सरकार केस दर्ज कर रही है। भाजयुमो नेता संदीप अग्रवाल द्वारा सुखपाल सरा के नाम से जारी ब्यान में कहा गया है कि समाजसेवी संस्थायों पर दर्ज केस रद्द किये जायें।

एनजीओ ने अपनी जेब से वितरित किया सामान
कपूरथला (निस) : जिले में प्रशासन के जरूरतमंद लोगों तक राशन, दूध और अन्य सामान घर में पहुंचाने के दावे के बावजूद लोग राशन से वंचित हैं। सामान मुहैया करवाने की ड्यूटी वालों में से अधिकतर के नंबर नॉट रीचेबल हैं। शहर में सामान पहुंचाने के लिए कई एनजीओ की सूची भी तैयार की थी लेकिन उन्हें सामान नहीं मिल रहा है। कुछ एनजीओ अपनी जेब से खर्च कर जरूरतमंदों तक सामान पहुंचा रही है। नगर निगम के सहायक कमिश्नर ने कहा कि पुलिस से बातचीत की है कि कूड़ा उठाने वालों को रोका न जाए। जानकारी के मुताबिक, विधायक राणा गुरजीत सिंह ने बताया कि राशन वितरण करने के लिए जरूरतमंद लोगों की सूची तैयार करवा ली गई है। एनजीओ को सरकारी लाइसेंस धारकों की दुकानों से खरीददारी करने को कहा है।

ऊना में स्वास्थ्य कर्मियों को मिलेंगे पीपीई किट
शिमला : स्वास्थ्य विभाग ऊना के डॉक्टरों व पैरा मेडिकल स्टाफ को पीपीई किट्स प्रदान की जाएंगी। इस बारे में अतिरिक्त उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने आज बताया कि अभी 18 यूनिट बद्दी से मंगाए गए हैं। डॉक्टर व पैरा मेडिकल स्टाफ इन किट्स को इमरजेंसी व आईसोलेशन वार्ड में उपयोग करेंगे। विभाग को एन-95 के 500 मास्क भी प्रदान किए जा रहे हैं।
हमीरपुर में घर-घर पहुंचाया जा रहा सामान
हमीरपुर (एजेंसी) : हमीरपुर नगर में दैनिक जरूरत का सामान घर-घर पहुंचाने के कार्यक्रम को जिले के अन्य शहरी और निकाय क्षेत्रों तक विस्तारित किया जाएगा। लॉकडाउन में लोगों को दैनिक जरूरत की वस्तुएं मिलने में दिक्कत है। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि पंजाब से जिले में फल, सब्जियों और दूध की आपूर्ति शुरू हो गई है। बीते दिन जिले में करीब 250 क्विंटल फल और सब्जियां और नादौन में 105 क्विंटल जरूरी सामान पहुंचा।

The post मदद के लिए सरकार ने खोला नया खाता appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3bzh49f
via Latest News in Hindi

0 Comments