195 पेंडिंग रिपोर्ट नेगेटिव : बलबीर सिद्धू
पंजाब के नवांशहर में शनिवार को कोविड-19 के संकट से मुकाबले काे प्रबंधों की समीक्षा के दौरान बैठक करते स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू व अन्य । -मलकीयत सिंह
होशियारपुर, 28 मार्च (निस)
पंजाब सरकार की ओर से प्रदेश में कोरोना वायरस से निपटने के लिए सभी पुख्ता प्रबंध कर लिए गए हैं। दवाइयों व स्वास्थ्य सेवाओं में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। यह विचार स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने आज जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स में कोरोना वायरस से बचाव संबंधी जिला प्रशासन की ओर से की गई तैयारियों व प्रबंधों का जायजा लेने के लिए आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए रखे। इस दौरान उनके साथ उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा, डिप्टी कमिश्नर अपनीत रियात व एसएसपी गौरव गर्ग भी मौजूद थे। सिद्धू ने कहा कि पंजाब में कोरोना वायरस से संबंधित 195 रिपोर्ट्स लंबित थी और आज सभी रिपोर्ट्स नेगेटिव आई हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थिति से निपटने के लिए सरकार पूरी सक्षम है और लोगों को घबराने की जरुरत नहीं है।
सांसदों से डेढ़-डेढ़ करोड़ फंड की अपील : मंत्री सिद्धू ने कहा कि राज्य सभा सदस्य अंबिका सोनी ने अपने अख्तियारी फंड से डेढ़ करोड़ रुपए पंजाब सरकार को देने की घोषणा की है और वे सभी सांसदों से अपील करते हैं कि वे भी अपने अख्तियारी फंड से प्रदेश सरकार को डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपए दें ताकि सभी जिला अस्पतालों में आईसीयू सेंटर बनाए जा सकें। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) हरप्रीत सिंह सूदन, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) हरबीर सिंह, मंत्री बलवीर सिंह के राजनीतिक सचिव हरकेश चंद शर्मा, सिविल सर्जन डा. जसवीर सिंह आदि उपस्थित थे।
राज्यपाल फंड में देंगे अपना वेतन
शिमला (निस) : राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कोरोना महामारी के दृष्टिगत मुख्यमंत्री राहत कोष में अपना एक माह का वेतन देने का निर्णय लिया है। राज्यपाल ने कहा कि महामारी से निपटने और बचाव कार्यों के लिए सरकारें बेहतरीन कार्य कर रही हैं। जरूरतमंद लोगों को हर संभव राहत प्रदान की जा रही है। हर स्थिति की दक्षता से निगरानी की जा रही है। राज्यपाल ने आज राजभवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति का जायजा लिया।
घर-घर पहुंचाया जा रहा करियाना
पठानकोट (निस) : जिले में प्रशासन द्वारा पिछले 3 दिनों से लोगों को कर्फ्यू के दौरान करियाना, दूध, फल एवं सब्जियों की सप्लाई की जा रही है। जिन दुकानों को खोला गया है, उनसे सामान लेने अकेला ही जाए। अगर कोई व्यक्ति कीमतों में इजाफा करने का प्रयास करता पकड़ा जाता है तो उसकी दुकान सील की जा सकती है। उक्त विचार जिला उपायुक्त गुरप्रीत सिंह खैहरा ने मिनी सचिववालय मलिकपुर के मीटिंग हाल में आयोजित प्रैस कान्फ्रेंस को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर सहायक कमिश्नर जनरल पृथी सिंह, एसडीएम अर्शदीप आिद मौजूद थे।
दवा विक्रेता को जारी किया नोटिस
होशियारपुर (निस) : जिला मजिस्ट्रेट अपनीत रियात ने शिकायत के आधार पर सूद मैडीसन ट्रेडर को नोटिस जारी करते हुए तुरंत पक्ष पेश करने की हिदायत की है। नोटिस में कहा कि यदि ऐसा न किया गया तो कालाबाजारी करने के दोष में कानूनी कार्रवाई करते हुए फौजदारी मुकद्दमा दर्ज किया जाएगा।
‘आईजीएमसी, टांडा कॉलेज में 29 की रिपोर्ट नेगेटिव’
शिमला (निस) : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कोरोना महामारी के संक्रमण के कारण प्रदेश में लगाए गए कर्फ्यू के दृष्टिगत प्रदेश में स्थिति का जायजा लेने के लिए आज शिमला से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने यह सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए कि कर्फ्यू में छूट के दौरान आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाई जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक प्रदेश में विदेश से 2409 लोग आए हैं, जिनमें से 724 लोगों ने 28 दिनों की आवश्यक निगरानी अवधि पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि आज टांडा मेडिकल कॉलेज में 24 और आईजीएमसी शिमला में कोविड-19 के लिए 5 लोगों की जांच की गई और सभी 29 लोगों की जांच नेगेटिव पाई गई है। टांडा मेडिकल कॉलेज में दाखिल कोविड-19 पोजिटिव व्यक्ति की रिपोर्ट भी आज नेगेटिव पाई गई है।
हिमाचल में अभी कोरोना का एक मरीज, 2 आइसोलेशन में
राज्य में कोरोना को कोई नया मामला सामने नहीं आया है और पॉजिटिव पाए जाने के बाद जो दो रोगी उपचाराधीन थे उनमें से भी एक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई क्योंकि अन्य रोगी की रिपोर्ट दूसरी बार भी नेगेटिव आई है। ये रोगी टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे। प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने आज यहां इस बीच राजधानी शिमला स्थित आईजीएमसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के एक डाक्टर व एक सुरक्षा कर्मी को कोरोना के संदिग्ध मरीजों के रूप में आइसोलेशन में रखा गया है। वहीं, निदेशक व विशेष सचिव राजस्व और आपदा प्रबंधन डीसी राणा ने आज शिमला में बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एचपीएसडीएमए) ने आपदा के दौरान और आपदा के बाद प्रतिक्रिया के लिए सरकारी संगठनों और गैर-सरकारी संगठनों के समन्वय प्लेट फार्म के गठन की पहल की है।
कांगड़ा में 16 संदिग्धों के सैंपल नेगेटिव
धर्मशाला (निस) : टांडा मेडिकल कालेज से आज खबर आई है कि कांगड़ा जिला से कोरोना वायरस के 16 संदिग्धों के सैंपलों की जांच के बाद सभी नेगेटिव पाए गए हैं। इन 16 में से 13 लोग उन 3 मरीजों के परिजन हैं जो पॉजिटिव पाए गए हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने मृतक तिब्बती सहित शाहपुर की महिला और लंज के युवक के 13 सदस्यों के सैंपल जांच के लिए टांडा मेडिकल कालेज भेजे थे। इसके अलावा 3 अन्य सैंपल भी नेगेटिव पाए गए हैं। इसकी पुष्टि डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने की है।
The post 195 पेंडिंग रिपोर्ट नेगेटिव : बलबीर सिद्धू appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3dEaQXl
via Latest News in Hindi
0 Comments