गुरुग्राम में शनिवार को एक दुकान के बाहर जमा लोग, यहां कोई लाइन या सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा। -एस चंदन

ट्रिब्यून न्यूज सर्विस
चंडीगढ़, 28 मार्च
कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों के आंकड़ों में बढ़ोतरी को देखते हुए राज्य सरकार ने अपनी तैयारियों का विस्तार कर दिया है। केंद्र सरकार के निर्देश पर हरियाणा में कोविड स्पेशल अस्पताल बनेंगे। इसके लिए अम्बाला स्थित आदेश मेडिकल कॉलेज और झज्जर के वर्ल्ड कॉलेज प्रबंधन के साथ बातचीत चल रही है। ये दोनों प्राइवेट मेडिकल कॉलेज हैं और इन अस्पतालों में बैड की सुविधा भी है। सरकार को उम्मीद है कि अंतिम दौर में चल रही बातचीत जल्द ही सिरे चढ़ जाएगी। इसके बाद इन दोनों अस्पतालों को कोविड स्पेशल अस्पताल में बदला जाएगा। यहां केवल उन्हीं मरीजों को उपचार के लिए रखा जाएगा, जो कोरोना पॉजिटिव होंगे। राज्य के गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने शनिवार को यहां कहा कि जब तक कोरोना का प्रकोप खत्म नहीं हो जाता, तब तक पूरे राज्य के हर जिले में सेनेटाइजेशन होगा।
इसके लिए जिला उपायुक्तों व शहरी निकायों को आदेश जारी किए जा चुके हैं। राज्य में पीजीआई, रोहतक और खानपुर मेडिकल कालेज में दो लैब हैं, जहां कोरोना के टेस्ट हो रहे हैं। पीजीआई रोहतक में एक लैब और खोली जाएगी। इसके अलावा रोहतक, करनाल, नल्हड़, अग्रोहा मेडिकल कालेज हिसार और पंचकूला में 5 लैब अलग से खोलने का प्रस्ताव है। इस प्रक्रिया को जितना जल्दी हो सके, पूरा किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 722 वेंटीलेटर हैं। इनमें 190 वेंटीलेटर मेडिकल कालेजों में हैं, जबकि 272 प्राइवेट कालेजों में हैं। हर जिले में पांच-पांच वेंटीलेटर भिजवाने की व्यवस्था की गई है। 210 वेंटीलेटर मेडिकल काॅलेजों में भेजे जाएंगे। राज्य में फिलहाल 20 केस कोरोना पाॅजिटिव हैं, जिनमें से एक भी व्यक्ति वेंटीलेटर पर नहीं है। विज के अनुसार प्रदेश के लोगों को डरने या घबराने की जरूरत नहीं है।
देश भर में 76 कोरोना पॉजिटिव मरीज ठीक हो चुके हैं। राज्य में 10 हजार 959 आइसोलेशन बैड की व्यवस्था की गई है। राज्य में भी स्थिति कंट्रोल में है। 21 दिनों के लाॅकडाउन के दौरान यह स्पष्ट हो जाएगा कि कौन व्यक्ति बीमार है और कौन स्वस्थ है।

The post बढ़ रहे मरीजों को देखते हुए 722 वेंटीलेटर का इंतजाम, 5 नयी लैब appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2ybAvXe
via Latest News in Hindi

0 Comments