गांवों को बचाने के लिए कमेटी गठित
चंडीगढ़ में रविवार को गांव कांसल में गठित की गई कमेटी के सदस्यों के साथ आम आदमी पार्टी के विधायक कंवर संधू। -दैनिक ट्रिब्यून
चंडीगढ़/पंचकूला, 15 मार्च (नस)
सुखना झील के आसपास कैचमेंट एरिया में बसे गांवों पर लटक रही कार्रवाई की तलवार को देखते हुए आज गांव कांसल के रेजिडेंट्स द्वारा 15 सदस्यीय कमेटी गठित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधानसभा हलका खरड़ से आम आदमी पार्टी के विधायक कंवर संधू ने इस कमेटी का ऐलान किया। समिति का चेयरपर्सन विधायक कंवर संधू को चुना गया। सदस्यों में अर्जन सिंह कांसल, अजय ठाकुर, पीएस भिंडर, अमन मगों, संजय शर्मा, रवनीत सिंह, इकबाल सिंह, कृष्ण लाल, डीके घई, पवन शर्मा, एनके बाँका, अनिल गर्ग, रणदीप सिंह और हरजोत सिंह शामिल हैं।
कंवर संधू ने बताया कि समिति की तरफ से पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले के विरुद्ध हाईकोर्ट में रिव्यू पटीशन और सुप्रीम कोर्ट में एलएलपी (स्पेशल लीव पटीशन) दायर करने का फैसला किया है। इस मामले को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह के साथ भी बातचीत की जा रही है और वह पंजाब सरकार के कदम को देखते हुए आगे वाली रणनीति तैयार की जायेगी।
संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे
संधु ने बताया कि सुखना झील के निर्माण के समय अलग-अलग गांवों की 8 हजार एकड़ जमीन ली गई थी, जिसमें से सबसे अधिक जगह कांसल गांव ने दी थी। इस तरह गांवों की जगह पर बनाई गई झील को बचाने के नाम पर गांवों को कैसे उजाड़ा जा सकता है। उन्होंने बताया कि गांवों में बने मकानों को मास्टर प्लान अनुसार कानूनी स्वीकृति मिलने के बाद बनाया गया है। वहां प्रशासन की तरफ से बिजली-पानी की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले के खिलाफ गांववासी संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे।
The post गांवों को बचाने के लिए कमेटी गठित appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2IOLVCr
via Latest News in Hindi
0 Comments