करतारपुर साहिब यात्रा रोकी

रविवार को इटली से विशेष विमान से लौटते भारतीय। – प्रेट्र

नयी दिल्ली, 15 मार्च (एजेंसी)
महाराष्ट्र में 12 नये मामले सामने आने के बाद भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या रविवार को बढ़कर 107 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस आंकड़े में वे दो लोग भी शामिल हैं जिनकी दिल्ली और कर्नाटक में मौत हो चुकी है। इस बीच, गृह मंत्रालय ने करतारपुर साहिब गुरुद्वारा की यात्रा के पंजीकरण को बंद कर दिया है। बताया गया कि बीएसएफ के अफसर श्रद्धालुओं के आने-जाने पर रोक लगाने की जानकारी देने के लिए पाकिस्तानी रेंजर्स के साथ बैठक करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि जिन श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है, उन्हें बताया जाएगा कि यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी गयी है।
इस बीच, लुधियाना से हमारे संवाददाता ने बताया कि पंजाब के पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के विभाग द्वारा विरासत-ए-खालसा, श्री आनन्दरपुर साहिब को अगले आदेशों तक बंद कर दिया गया है।
गौरतलब है कि दिल्ली में कोरोना वायरस के अब तक सात मामले सामने आ चुके हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में 11, कर्नाटक में छह, महाराष्ट्र में 31, लद्दाख में तीन और जम्मू-कश्मीर में दो लोग संक्रमित हैं। राजस्थान में दो और मामले सामने आए हैं। कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पंजाब में एक-एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित है। केरल में कोरोना वायरस के सबसे अधिक 22 मामले सामने आए हैं। इनमें पिछले महीने इलाज करा चुके लोग भी शामिल हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं विदेश मंत्रालय के अनुसार कोरोना वायरस से प्रभावित ईरान और इटली में फंसे हुए 450 से अधिक भारतीयों को रविवार को दो विमानों से वापस लाया गया और उन्हें पृथक इकाइयों में रखा गया। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाईअड्डे पर सुबह पौने दस बजे मिलान से कुल 218 भारतीय पहुंचे जिनमें अधिकतर छात्र थे। उन्हें दिल्ली के छावला में आईटीबीपी के पृथक केंद्र में ले जाया गया।
ईरान से 230 से अधिक भारतीय तड़के सवा तीन बजे नयी दिल्ली पहुंचे और उन्हें जैसलमेर के भारतीय सेना स्वास्थ्य केंद्र में पृथक इकाई में रखा गया। उन्हें यहां करीब एक पखवाड़ा रखा जाएगा।
इटली में एक दिन में 368 मौतें
रोम : इटली में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण से एक दिन में 368 लोगों की मौतें हुईं। किसी एक दिन की यह सर्वाधिक मृतक संख्या है। उधर, वेटिकन में कोरोना वायरस के कारण ईस्टर सप्ताह के उसके पारंपरिक जश्न समारोह इस साल बिना श्रद्धालुओं के होंगे।
ट्रंप की रिपोर्ट नेगेटिव
वाशिंगटन : व्हाइट हाउस के एक चिकित्सक के अनुसार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कोरोना वायरस की जांच में संक्रमित नहीं पाए गए हैं। उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने बताया कि अमेरिका ने अपने यात्रा प्रतिबंध ब्रिटेन पर भी लागू कर दिए हैं। जार्जिया राज्य ने राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए प्राइमरी चुनाव टाल दिया है।
स्पेन के प्रधानमंत्री की पत्नी संक्रमित
कनाडा : कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो की पत्नी के बाद अब स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की पत्नी बेगोना गोमेज भी कोरोना से संक्रमित पाई गई हैं। स्पेन में संक्रमित लोगों की संख्या 5,753 हो गई है। इंडोनेशिया के परिवहन मंत्री भी आईसीयू में भर्ती हैं। कनाडा ने विदेशों में रह रहे अपने नागरिकों से स्वदेश लौटने का अनुरोध किया है क्योंकि दुनियाभर के देश यात्रा पाबंदियां लगा रहे हैं।
ईरान में 113 और मौतें
तेहरान : ईरान में कोरोना वायरस से एक ही दिन में 113 और लोगों की मौत हो गई। वायरस संक्रमण से प्रभावित इस देश में एक ही दिन में इतनी अधिक मौत होने का यह पहला मामला है। इन मौतों के बाद ईरान में मरने वालों की संख्या बढ़कर 724 हो गई। बता दें कि ईरान में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हुआ है।
महारानी ने बकिंघम पैलेस छोड़ा
लंदन : कोरोना के खतरे के मद्देनजर ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय आधिकारिक आवास बकिंघम पैलेस छोड़ विंडसर कैसल चली गयी हैं। महारानी ने यह कदम देश में कोरोना वायरस से करीब 21 लोगों की मौतों के बीच 70 साल से अधिक उम्र के लोगों को पृथक रखने जैसी योजना के बीच उठाया है। आने वाले हफ्तों में 93 वर्षीय महारानी और 98 वर्षीय उनके पति प्रिंस फिलिप को नॉरफॉल्क स्थित शाही सैंड्रिंघम एस्टेट में पृथक रखे जाने की संभावना है।

The post संक्रमित लोगों की संख्या 100 पार, ईरान और इटली से 450 भारतीय एयर लिफ्ट appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2U8zwhN
via Latest News in Hindi

0 Comments