चंडीगढ़/पंचकूला, 15 मार्च (नस)
चंडीगढ़ में रविवार तड़के कार सवार 2 युवकों पर फायरिंग होने की सूचना ने पुलिस में हड़कंप मचा दिया। सेक्टर-17 की मेन रोड पर पंजाब नंबर की कार में एक युवती के साथ सवार युवक वहां डस्टर में आए 2 युवकों पर गोली चला कर फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि कार से न तो गोली और न ही खाली खोल मिला। मामले में पेंच होने के चलते युवक ने पुलिस को शिकायत भी नहीं दी।
सेक्टर-23 निवासी भूषण और उसका दोस्त शुभम डस्टर कार में घर की तरफ जा रहे थे। भूषण ने पुलिस को बताया कि उसने सड़क पर एक युवक को युवती के साथ झगड़ते हुए देखकर कार रोक ली। उन्होंने युवक से झगड़े के बारे में जानना चाहा तो युवक उल्टा उसे ही धमकाने लगा। युवक के हाथ में रिवाल्वर देखकर वह घबरा गया और कार स्टार्ट कर वहां से कुछ आगे गया तो आरोपी ने उस पर गोली चला दी।
टूटे मिले कार के शीशे
भूषण ने बताया कि उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम पर वारदात की सूचना दी। इसके कुछ देर बाद ही पुलिस के अफसर मौके पर पहुंच गए। पुलिस के साथ आए फोरेंसिक एक्सपर्ट्स को कार का शीशा टूटा हुआ मिला। भूषण के मुताबिक गोली शीशा तोड़कर डैशबोर्ड में लगी लेकिन पुलिस को न तो गोली मिली और न ही खाली खोल बरामद हुआ। पुलिस ने भूषण के बारे में जांच की तो पता चला कि भूषण और शुभम सेक्टर-26 में एक क्लब के बाहर हुए झगड़े के बाद वहां से चले गए थे।

“युवक पर फायरिंग होने के मामले में न तो गोली मिली और न खोल मिला। इसके चलते मामला दर्ज नहीं किया गया। युवक ने शिकायत देने से मना कर दिया। मामला शुरूआती जांच में फर्जी लग रहा है।”
-जीएस भुल्लर, एसएचओ

The post युवती से झगड़ रहे युवक ने की फायरिंग! appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2xBsVEZ
via Latest News in Hindi

0 Comments