कोरोना : देश में 468 तक पहुंची संख्या, अब तक 9 की मौत
चंडीगढ़/ नयी दिल्ली, 23 मार्च (ट्रिन्यू/एजेंसी)

नयी दिल्ली में सोमवार को लॉकडाउन के चलते खाली पड़ा राजमार्ग। -मुकेश अग्रवाल

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 468 हो गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल में सोमवार को एक-एक मौत के साथ देश में मरने वालों का आंकड़ा 9 तक पहुंच गया है। लगातार बढ़ते संक्रमण के मामलों पर नियंत्रण के लिए पंजाब, चंडीगढ़, महाराष्ट्र और पुडुचेरी में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि लोग लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे थे, इसलिए कर्फ्यू लगाना पड़ा। वहीं, हरियाणा और हिमाचल समेत देश के 20 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों ने पूर्ण लॉकडाउन के आदेश दिए हैं। छह अन्य राज्यों ने भी अपने कुछ क्षेत्रों में प्रतिबंधों की घोषणा की है। लॉकडाउन के दौरान जरूरी सेवाओं को छोड़कर अन्य पर  रोक रहेगी।
इस बीच, केंद्र सरकार ने राज्यों को लॉकडाउन सख्ती से लागू करने और पाबंदियों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। केंद्र ने राज्य सरकारों से यह भी कहा है कि यदि जरूरी हो तो अतिरिक्त प्रतिबंध लागू किए जाएं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्विटर पर कहा, ‘लॉकडाउन को अभी भी कई लोग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कृपया अपने आप को बचाएं, अपने परिवार को बचाएं, निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। राज्य सरकारों से मेरा अनुरोध है कि वो नियमों और कानूनों का पालन करवाएं।’ वहीं, केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने राज्यों के पुलिस महानिदेशकों से कहा कि वे लॉकडाउन के आदेश का कड़ाई से पालन कराएं।

हिमाचल में पहली मौत
शिमला (निस) : हिमाचल में कोरोना वायरस संक्रमण से पहली मौत हुई है। अमेरिका से लौटे तिब्बती मूल के 69 वर्षीय एक व्यक्ति ने सोमवार को टांडा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दम तोड़ िदया। कांगड़ा के डीसी राकेश प्रजापति ने प्रारंभिक जांच में उसके कोरोना पॉजीटिव होने की पुष्टि  की है।

इलाज का खर्च उठाएगी हरियाणा सरकार

पटना में लाॅकडाउन के दौरान सोमवार को म्ाीठापुर बस अड्डे पर िवभिन्न राज्यों से लौटे यात्रियों की भीड़। -प्रेट्र

चंडीगढ़ (ट्रिन्यू) : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ऐलान किया है कि कोरोना के पॉजीटिव मरीजों का सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में इलाज का खर्च सरकार उठाएगी। कोरोना के टेस्ट व मरीजों की सेवा में लगे हेल्थ वर्करों या दूसरे कर्मचारियों की अगर मृत्यु होती है, तो उनके परिजनों को एक्सग्रेशिया के रूप में 10 लाख रुपये की मदद मिलेगी। लॉकडाउन को देखते हुए श्रमिकों, कंस्ट्रक्शन मजदूरों, रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए आर्थिक मदद का ऐलान किया गया हंै। ऐसे लोगों को सरकार 4500 रुपये मासिक की आर्थिक मदद देगी। यह पैसा 4 किस्तों में हर सप्ताह दिया जाएगा।

एम्स के इतिहास में पहली बार ओपीडी बंद एम्स ने अपने इतिहास में पहली बार विशेष सेवाओं समेत ओपीडी को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का फैसला किया है। सोमवार को जारी परिपत्र के अनुसार एम्स अस्पताल और उसके सभी केंद्रों पर मरीजों के रजिस्ट्रेशन व ओपीडी सेवाएं 24 मार्च से बंद रहेंगी।
कैदियों को राहत : कोरोना का प्रसार रोकने के मद्देनजर कई कैदियों को राहत मिल सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को ऐसे कैदियों को श्रेणीबद्ध करने के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्देश दिया, जिन्हें पैरोल पर रिहा किया जा सकता है।

सुप्रीम कोर्ट ने प्रयासों को सराहा
नयी दिल्ली (एजेंसी): सुप्रीम कोर्ट ने कोरोना महामारी से निपटने के लिये केन्द्र द्वारा मुस्तैदी से उठाये गये ‘अति सक्रिय कदमों’ पर सोमवार को संतोष व्यक्त किया और कहा कि उसके आलोचक भी इन प्रयासों की सराहना कर रहे हैं। कोर्ट ने कहा, ‘यह राजनीति नहीं बल्कि हकीकत है।’ सीजेआई एस ए बोबड़े, जस्टिस एल नागेश्वर राव और जस्टिस सूर्यकांत की पीठ ने यह बात कही।

The post पंजाब, चंडीगढ़ में कर्फ्यू ; हरियाणा, हिमाचल में लॉकडाउन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/33EFDPg
via Latest News in Hindi

0 Comments