चंडीगढ़ में लॉकडाउन के दौरान सोमवार को सेक्टर 22 के बाजार में बंद दुकानों के कारण पसरा सन्नाटा। – मनोज महाजन

चंडीगढ़, 23 मार्च (ट्रिन्यू)
चंडीगढ़ में देर रात 12 बजे के बाद सरकार ने कर्फ्यू की घोषणा कर दी। लोगों को अगले आदेशों तक कर्फ्यू में ही रहना होगा। चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर द्वारा जारी आदेशों में कहा गया है कि अगले आदेशों तक लोग घरों में ही रहें। डीजीपी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कर्फ्यू को बिना किसी ढील के लागू किया जाए तथा पालन न करने वालों के खिलाफ सख्ती की जाए। प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने अपील की है कि लोग डरें नहीं, सुरक्षित रहें और जितनी जरूरत है उतना सामान खरीदें। प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने कहा कि पुलिस, चिकित्सा आदि सहित आवश्यक सेवाओं में लगे व्यक्तियों को केवल कर्फ्यू पास दिए जाने की अनुमति होगी। पंजाब, हरियाणा और केंद्र सरकार के कर्मचारी केवल अपने मुख्य सचिवों से इसके लिए अनुरोध करेंगे। आदेशों में कहा गया है कि कर्फ्यू पास जारी करने का निर्णय जिलामजिस्ट्रेट द्वारा ही लिया जायेगा। कर्फ्यू घंटों में छूट आवश्यक समय में आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए दी जाएगी। इस संबंध में जिलामजिस्ट्रेट द्वारा अलग से आदेश जारी किए जायेंगे। उन्होंने आगे कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन ने पंजाब और हरियाणा राज्यों के साथ आॅक्सीजन, एलपीजी, पेट्रोलियम उत्पादों आदि की आवश्यक वस्तुओं की निरंतर आपूर्ति के लिए समझौता किया है। प्रशासन ने सूद धर्मशाला में भी आवश्यक व्यवस्था की है। जहां अटैच शौचालय के साथ 125 अलग कमरे उपलब्ध हैं। यदि आवश्यक हो तो पृथक वार्ड के रूप में इनका प्रयोग किया जायेगा। कोरोना प्रभावित रोगियों के लिए विशेष रूप से आवास और उपचार के लिए पीजीआई (नेहरू ब्लॉक) के एक अलग ब्लॉक को कोविड प्लेस के रूप में नामित किया गया है। अखबार के वितरकों और हॉकरों को भी स्वच्छता मानकों का पालन करने और समाचार पत्रों के वितरण के लिए सुरक्षात्मक गियर का उपयोग करने की सलाह दी गई है। चंडीगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत दो महीने के राशन के अग्रिम भुगतान के लिए प्रशासन ने भारत सरकार के साथ भी समझौता किया है। चंडीगढ़ प्रशासन ने कोरोनवायरस के कारण अपनी आय के साधन खोने वाले को पंजीकृत निर्माण श्रमिक को 3,000 रुपये का भुगतान करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही नियंत्रण कक्ष में 24 घंटे अधिकारी सेवा के लिए तैनात रहेंगे।

The post चंडीगढ़ में कर्फ्यू, पालन न करने वालों पर सख्ती के आदेश appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2WCzGRr
via Latest News in Hindi

0 Comments