चंडीगढ़ में कोरोना के मरीजों की संख्या हुई 7
चंडीगढ़, 23 मार्च (ट्रिन्यू)
चंडीगढ़ में कोरोना वायरस के पाॅजिटिव मरीजों का आंकड़ा आज 7 तक पहुंच गया। सातवां पाॅजिटिव मरीज 21 साल का युवक है, जो सेक्टर 38 का रहने वाला है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उक्त युवक का जीएमसीएच सेक्टर 32 में उपचार चल रहा है। इसकी कंडीशन स्टेबल है और इसके परिवार के पांच सदस्यों, जिसमें भाई, माता, पिता व दादा हैं, के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिये गए हैं। इसमें उसके भाई का सैंपल नेगेटिव आया है। शेष परिवार के सदस्यों को जीएमसीएच 32 में रैफर कर स्क्रीनिंग के लिए भेजा गया। उसके घर में काम करने वाले नौकर एवं ड्राइवर, जो पहले ही पांच दिन के अवकाश पर चले गए थे, को स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीम ने ड्राइवर काे ट्रेस कर उसके साथ परिवार के तीन सदस्यों को खोज लिया है। उक्त सभी सेक्टर 25 के रहने वाले हैं। उनकी नौकरानी को भी सेक्टर 25 में ही खोजा गया है। उसे, उसके माता-पिता व भाई को भी क्वारंटाइन में लिया है। इन सभी को उनके घरों में ही 14 दिन के लिए एकांतवास में रखा जायेगा। परिवार के सभी लोगों को इस अवधि के दौरान किसी रिश्तेदार या दोस्त से संपर्क में न आने की हिदायतें दी हैं।
शहर में जो कोरोना वायरस का छठा पॉजिटिव मरीज पाया गया था, वह सेक्टर 19 का रहने वाला 25 वर्षीय युवक था। उक्त युवक शहर में पहली पाॅजिटिव पाई गई युवती के परिवार के संपर्क में आया था। उक्त युवक जीएमसीएच 32 में आइसोलेशन वार्ड में उपचाराधीन है और अब उसकी हालत स्थिर है। उनके परिवार के तीन सदस्यों जिसमें पिता, माता व बहन के जीएमएसएच 16 में सैंपल किये गए थे। तीनों के सैंपल नेगेटिव पाये गए हैं। परिवार के पाॅजिटिव मरीज के संपर्क में आए 30 साल का सफाई कर्मी, जो सेक्टर 26 में रहता है, 40 वर्षीय पार्टटाइम माली, जो किशनगढ़ में व 52 साल का नौकर, जो मौलीजागरां में रहता हैं, का पता लगाकर उन्हें भी परिवार के साथ उनके घरों में 14 दिन के लिए क्वारंटाइन किया गया है।
स्वच्छता को लेकर कितने गंभीर हैं पार्षद !
चंडीगढ़ (ट्रिन्यू) : कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए पूर्व महापौर राजेश कालिया ने सोमवार को निगम की सैनिटेशन कमेटी की बैठक तो बुला ली लेकिन बैठक निगम की डोर-टू-डोर गारबेज पाॅलिसी की चर्चा में उलझ कर रह गयी। बैठक मे कोरम भी पूरा नहीं था। बैठक में चार पार्षद ही उपस्थित थे। गारबेज कलेक्टरों का एक गुट निगम के गारबेज कलेक्शन पाॅलिसी के तहत 450 गाड़ियां खरीदने की सूचना से नाराज़ है। उन्हें यह कह कर शांत करने की कोशिश की गई कि यह बैठक वर्तमान संकट को देखते हुए बुलाई गई है।
The post चंडीगढ़ में कोरोना के मरीजों की संख्या हुई 7 appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2xgL5vI
via Latest News in Hindi
0 Comments