हाईवे पर दौड़ती गाड़ियां बताती हैं, लोग नहीं हैं सावधान
भारत भूषण/ ट्रिन्यू
चंडीगढ़, 23 मार्च
पंजाब में लॉकडाउन के दूसरे दिन सोमवार को चंडीगढ़-अम्बाला नेशनल हाईवे से गुजरती गाड़ियाें को देखकर हैरान होना जरूरी था। बेशक एम्बुलेंस का इधर से उधर जाना जरूरी है, लेकिन आम गाड़ियों को भी हाईवे पर दौड़ते देखकर लोगों को कोरोना की भयावहता का अहसास न होने का अफसोस होता है। डेराबस्सी की ओर से आते हुए मैक्डोनल्ड चौक पर बाकी दिनों जिस ट्रैफिक के निकलने का 10 से 15 मिनट तक इंतजार करना पड़ता है, सोमवार को यहां से गुजरने वाली गाड़ियों को अंगुलियों पर गिना जा सकता था। यहां से हरियाणा नंबर की गुजरती गाड़ी के चालक से पूछा कि कहां जा रहे हो तो उनका जवाब गोलमोल ही था। फिर कुछ जोर दिया तो सिर्फ यही कहा- कोरोना-वोरोना से हम निपट लेंगे। यहां पुलिस की ओर से लोगों से पूछताछ का कोई प्रबंध नहीं था। गाड़ियां धड़ल्ले से जीरकपुर की तरफ दौड़ रही थीं।
इससे आगे सिंघपुरा चौक पर पुलिसकर्मी तो दिखाई दिया, लेकिन उनका पूरा ध्यान अपने मोबाइल में ज्यादा था। इसके दूसरी तरफ अम्बाला जाने के लिए अनेक लोग खड़े थे। सरकारी बसें पूरी तरह से बंद हैं, बावजूद इसके लोग शहरों से बाहर भाग रहे हैं। हालांकि उनमें से ज्यादातर ने कोई मास्क नहीं लगाया हुआ। इस बीच हरियाणा की तरफ जा रही निजी गािड़यां उनके लिए रूकती हैं, कुछ पूछताछ होती है, किसी को बैठा भी लिया जाता है। यह सब किराए के लिए होता है, लेकिन इसकी परवाह किए बगैर कि संबंधित कोरोना वायरस से संक्रमित हो सकता है। यहां आकर एक-दो टैक्सी भी रूकती हैं। इसी जगह निर्माणाधीन इमारतों के साए में कुछ श्रमिक भी बैठे हैं। उनके सामने सवाल आता है तो कहते हैं- क्या करें, कहां जाएं, रोज कमाते और खाते हैं। उनके पास न राशन बचा है और न ही रिहायश। मास्क लगाने के लिए कहा तो बोले, उनके पास इतने पैसे नहीं हैं। ऐसे में सहज ही समझा जा सकता है कि कमजोर कड़ी कहां-कहां हैं।
इसी दौरान दो लड़के जीरकपुर फ्लाईओवर पर बगैर मास्क के जाते मिले। पूछा, कहां जा रहे हो तो बोले-घूमने निकले हैं। फिर बोले, हमें कोरोना के बारे में पता है, लेकिन घर में बैठकर बोर हो रहे थे। गौरतलब है कि जीरकपुर में हाईवे पर ऐसे लोगों को बाहर निकलने से रोकने के लिए कोई पुलिस कर्मी नहीं दिखा। हालांकि फ्लाईओवर के नीचे पटियाला की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस नजर आई। यहां गाड़ियों को बगैर रोक-टोक पास कर दिया जाता रहा लेकिन दोपहिया वाहन चालकों को कभी-कभार रोककर उनसे बाहर निकलने की वजह पूछी गई। यहां से हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ नंबर की गाड़ियां दौड़ती दिखीं। सबसे ज्यादा सख्ती चंडीगढ़ में प्रवेश करते समय जीरकपुर-चंडीगढ़ सीमा पर नजर आती है। यहां बैरिकेड लगाकर पुलिस कर्मी न केवल प्रत्येक वाहन चालक का पहचान पत्र देख रहे हैं, अपितु उनसे शहर में आने की वजह भी जान रहे हैं।
लॉकडाउन की अवहेलना करने पर कई गिरफ्तार
पंचकूला (ट्रिन्यू) : पंचकूला में लॉकडाउन की अवहेलना करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार देर शाम को पुलिस चौकी सेक्टर-16 पंचकूला को सूचना मिली कि गांव बुढ़नपुर में शराब ठेके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो रही है। पुलिस वहां पर पहुंची लोग भाग गये लेकिन पुलिस द्वारा सेल्समैन राजेश व उमेद को गिरफ्तार किया गया है। राजीव कॉलोनी में भी शराब के ठेके पर काफी भीड़ जमा होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने ठेके के सेल्समैन कमलेश कुमार व रीत लाल को गिरफ्तार कर लिया। इसी तरह सेक्टर-14 स्थित दोनों ठेकों पर लोग काफी संख्या में पहुंचे हैं। सूचना पाते ही सेक्टर-14 थाने पुलिस कर्मी पहुंचे और दोनों शराब के ठेकों से सेल्समैनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किये गये आरोपियों की पहचान अक्षय, सुधिर व अमलेश के रूप में हुई है।
The post हाईवे पर दौड़ती गाड़ियां बताती हैं, लोग नहीं हैं सावधान appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/39apq5L
via Latest News in Hindi
0 Comments