रोम, 23 मार्च (एजेंसी)
दुनियाभर में कोरोना वायरस से हुई मौतों का आंकड़ा 15 हजार पहुंचने के बीच सोमवार को इस महामारी से निपटने के लिए वैश्विक उपायों में तेजी दिखी जब कई और राष्ट्रों और शहरों ने असाधारण बंदी लागू की। जर्मनी में जहां 2 से ज्यादा लोगों के जुटने पर प्रतिबंध है तो न्यूजीलैंड ने 4 हफ्ते के लॉकडाउन की घोषणा की है और हांगकांग ने सभी अनिवासियों के लिये अपनी सीमाएं बंद कर दी हैं। दुनिया भर में इसे लेकर अफरा-तफरी को आसानी से समझा जा सकता है। अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वायरस से बुरी तरह प्रभावित क्षेत्रों में हजारों आपातकालीन बेड तैयार करने का आदेश दिया है, वहीं इस बीच अर्थव्यवस्था को बचाने के लिये अरबों डॉलर के राहत पैकेज से जुड़ा प्रस्ताव सीनेट में खारिज हो गया। आधिकारिक आंकड़ों से एएफपी द्वारा की गई गणना के अनुसार दुनिया में इस घातक महामारी के चलते अब तक कुल 15,189 लोगों की मौत हो चुकी है। इटली में सबसे ज्यादा 5,476 मौत हुई हैं, जबकि चीन में 3,270 लोगों की जान गई है। वहीं, स्पेन में इस विषाणु ने 2,182 लोगों की जान ले ली है। फ्रांस में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 674 पहुंच गया। कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगाया गया है। इस महामारी के आधिकारिक रूप से घोषित 1,72,238 मामलों में से पिछले 24 घंटे में 1,395 लोगों की मौत हुई है। यूरोप में अब यह विषाणु सर्वाधिक तेज गति से फैल रहा है। इटली, स्पेन और फ्रांस की तर्ज पर ग्रीस ने भी राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की घोषणा कर दी। जर्मनी में चांसलर एंजेला मर्केल ने रविवार को दो से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध की घोषणा की। रोम में सप्ताहांत पर पुलिस सड़कों पर गश्त करती दिखी, स्थानीय अधिकारियों द्वारा लोगों के घरों में नहीं रहने की शिकायत किये जाने के बाद इतालवी समुद्र तटों के किनारे भी जांच की गई।

अमेरिका में एक तिहाई  नागरिक लॉकडाउन में
अमेरिका में एक तिहाई से ज्यादा नागरिक किसी न किसी तरह के लॉकडाउन का सामना कर रहे हैं। इनमें न्यूयॉर्क, शिकागो और लॉस एंजिलिस शामिल हैं। न्यूयॉर्क के मेयर ने कहा है कि आने वाले 10 दिनों में शहर में जीवन रक्षक प्रणाली (वेंटिलेटर) की कमी हो जाएगी। दुनिया भर में शेयर बाजारों के बैठ जाने के बीच डेमोक्रेट्स से समर्थन न मिलने के कारण सीनेट में ध्वस्त होती अमेरिकी अर्थव्यवस्था को उबारने के लिए एक ट्रिलियन डॉलर के प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिल पाई।
हॉलीवुड फिल्म निर्माता हार्वे भी संक्रमित
मी टू अभियान में फंसे हॉलीवुड फिल्म निर्माता हार्वे वीनस्टीन कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। अमेरिकी मीडिया ने यह खबर दी है। बलात्कार और यौन उत्पीड़न के दोष में वीनस्टीन को 23 साल कैद की सजा सुनाई गई हैै।

The post 15 हजार की मौत, महामारी  से निपटने के उपाय तेज appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2QIdP7z
via Latest News in Hindi

0 Comments