नयी दिल्ली, 15 मार्च (एजेंसी)
बैंक अधिकारियों के संगठन एआईबीओसी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पिछले महीने गुवाहाटी में एक बैंक कार्यक्रम के दौरान एसबीआई के चेयरमैन रजनीश कुमार को खरी-खोटी सुनाने की निंदा की है। अखिल भारतीय बैंक अधिकारी संघ (एआईबीओसी) ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर ऑडियो क्लिप वायरल हुआ है। इससे पता चलता है कि फरवरी में ग्राहकों तक पहुंच कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने एसबीआई प्रमुख को डांट लगायी। कर्ज देने को लेकर उन्हें दोषी ठहराया। एआईबीओसी बैंक अधिकारियों का बड़ा संगठन है। इसके सदस्यों की संख्या 3 लाख 20 हजार है। संगठन के यहां जारी बयान में कहा गया है कि वह वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा एसबीआई के चेयरमैन को झिड़कने की निंदा करता है। एआईबीओसी के अनुसार, 27 फरवरी को एसबीआई वित्तीय समावेश कार्यक्रम में भाग लेने के दौरान वित्त मंत्री ने असम के वित्त मंत्री और वित्तीय सेवा विभाग के अधिकारियों और अन्य बैंकों के प्रमुखों की मौजूदगी में एसबीआई चेयरमैन को डांट लगायी।
बयान के अनुसार, ‘उन्होंने रजनीश कुमार को डांट लगाते हुए अपमानित किया और उन्हें खासकर असम में चाय बगान कर्मियों को कर्ज देने में विफल रहने के लिये जिम्मेदार ठहराया।’ संगठन ने कहा कि वित्त मंत्री ने हृदयविहीन बैंक कहा और एक तरह से देश के सबसे बड़े बैंक के प्रमुख का अपमान किया … सबसे दु:खद है कि किसी ने पूरे मामले को रिकार्ड कर लिया और यह सुनिश्चित किया कि वह सोशल मीडिया पर फैले। बयान के अनुसार इस ऑडियो का मकसद देश के सबसे बड़े बैंक की छवि लोगों के सामने खराब करना है।

The post एसबीआई चेयरमैन को वित्त मंत्री ने डांटा, बैंक संघ नाराज appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3b9Hoqv
via Latest News in Hindi

0 Comments